अपडेटेड 28 February 2026 at 00:06 IST
ENG vs NZ T20 WC: पाकिस्तान को मिला एक और जीवनदान, न्यूजीलैंड को इंग्लैंड ने 4 विकेट से हराया, दिलचस्प हुई सेमीफाइनल की दौड़
ENG vs NZ T20 WC: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल की दौड़ को दिलचस्प कर दिया है। क्योंकि इंग्लैंड की जीत से पाकिस्तान के पास अभी भी सेमीफाइनल में जाने का मौका है।
ENG vs NZ T20 WC : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल की दौड़ को दिलचस्प कर दिया है और टूर्नामेंट के सस्पेंस को बरकरार रखा है। इस मैच में इंग्लैंड की जीत से पाकिस्तान के पास अभी भी तीन प्वाइंट जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश का मौका है।
अब पाकिस्तान को अपने अंतिम मैच में श्रीलंका को हराना होगा, जिससे उनके सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता साफ हो सकता है। बता दें, अगर इस मैच में न्यूजीलैंड टीम जीत हासिल कर लेती तो पाकिस्तान का बाहर होना तय था, लेकिन इंग्लैंड ने 58 रन पर 4 विकेट खोने के बावजूद अंत में जीत दर्ज कर ली।
स्पिनरों के जाल में फंसी कीवी टीम
कोलंबो के मैदान पर न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट (35 रन) और फिन एलन (29 रन) ने 64 रनों की तेज शुरुआत देकर बड़े स्कोर की उम्मीद जगाई थी। हालांकि, जैसे ही इंग्लैंड के स्पिनर्स न्यूजीलैंड के सामने आए, कीवी बल्लेबाज एक-एक कर पवेलियन लौटने लगे।
किसी तरह से ग्लेन फिलिप्स ने 39 रनों की पारी खेलकर टीम को 7 विकेट पर 159 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। वहीं, इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद, विल जैक्स और रेहान अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट चटकाए और न्यूजीलैंड को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
शुरुआती झटकों के बाद इंग्लैंड ने की वापसी
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन ने शुरुआती आठ गेंदों में ही फिल सॉल्ट और कप्तान जोस बटलर को आउट कर इंग्लैंड का स्कोर 2 रन पर 2 विकेट कर दिया।
मध्यक्रम में हैरी ब्रूक (26) और जैकब बेथेल (21) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 58 रन तक पहुंचते-पहुंचते इंग्लैंड के 4 बड़े विकेट गिर चुके थे। इसके बाद टॉम बेंटन (33) और सैम करन (24) ने छोटी लेकिन उपयोगी साझेदारियां कर मैच को बचाए रखा। इसके बाद इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
आखिरी 18 गेंदों में था मैच का असली रोमांच
मैच का असली रोमांच आखिरी 18 गेंदों में देखने को मिला, जब इंग्लैंड को जीत के लिए 43 रनों की जरूरत थी। क्रीज पर मौजूद विल जैक्स और रेहान अहमद ने कीवी गेंदबाजों पर धावा बोल दिया। ग्लेन फिलिप्स के एक ही ओवर में इन दोनों ने छक्कों और चौकों की बारिश कर 22 रन बटोर लिए।
रेहान अहमद ने मात्र 7 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाए, जबकि विल जैक्स ने 18 गेंदों में नाबाद 32 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और ग्रुप-2 में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 28 February 2026 at 00:05 IST