SL vs BAN: ये है श्रीलंका का 'बाहुबली' बल्लेबाज, अकेले मारे इतने छक्के; बाल-बाल बचा भारत का बड़ा रिकॉर्ड

Sri Lanka vs Bangladesh: दासुन शनाका की मदद से श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 11 छक्के लगाए। एक समय के लिए लगा कि भारत का टी20 एशिया कप में सबसे अधिक सिक्स मारने का रिकॉर्ड खतरे में है, लेकिन वो रिकॉर्ड अभी भी टीम इंडिया के नाम है।

SL vs BAN: दासुन शनाका ने 21 पारियों बाद जड़ा अर्धशतक, जड़े 6 छक्के | Image: X

Sri Lanka vs Bangladesh: एशिया कप 2025 का सिलसिला अब सुपर-4 स्टेज में पहुंच चुका है। शनिवार (20 सितंबर) को श्रीलंका का सामना बांग्लादेश से हो रहा है। दुबई में खेले जा रहे मुकाबले में श्रीलंका के स्टार खिलाड़ी दासुन शनाका ने धमाकेदार पारी खेली और अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। शनाका ने 21 पारियों के लंबे इंतजार के बाद T20I में अर्धशतक जड़ा।

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में दासुन शनाका ने 37 गेंदों पर 64 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 6 लंबे-लंबे छक्के जड़े। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में छक्कों की बरसात करते हुए शनाका ने बड़ा कारनामा किया।

बाल-बाल बचा भारत का रिकॉर्ड

दासुन शनाका की मदद से श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 11 छक्के लगाए। एक समय के लिए लगा कि भारत का टी20 एशिया कप में सबसे अधिक सिक्स मारने का रिकॉर्ड खतरे में है, लेकिन वो रिकॉर्ड अभी भी टीम इंडिया के नाम है। भारत के नाम टी20 एशिया कप में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड है। भारत ने 2022 में हांगकांग के खिलाफ मैच में 12 छक्के लगाए थे।

दासुन शनाका ने 21 पारियों बाद जड़ा अर्धशतक

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में श्रीलंका के अनुभवी खिलाड़ी दासुन शनाका ने 31 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। T20 इंटरनेशनल में 50 रनों का आंकड़ा क्रॉस करने के लिए उन्हें 21 पारियों का लंबा इंतजार करना पड़ा। शनाका ने 172.97 की स्ट्राइक से खेलते हुए 37 गेंदों पर 64 रनों की धांसू पारी खेली।

बांग्लादेश के सामने 169 रनों का लक्ष्य

दासुन शनाका की तेज तर्रार फिफ्टी के दम पर श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 168 रन बनाए। ओपनर कुसल मेंडिस ने भी 25 गेंदों पर 34 रनों की कीमती पारी खेली। बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान ने सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए।

श्रीलंका और बांग्लादेश की प्लेइंग 11

श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (डब्ल्यू), कामिल मिशारा, कुसल परेरा, चैरिथ असलांका (सी), दासुन शनाका, कामिंडु मेंडिस, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेललेज, दुष्मंथा चमीरा, नुवान तुषारा

बांग्लादेश: सैफ हसन, तंजीद हसन तमीम, लिटन दास (विकेटकीपर/कप्तान), तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, जेकर अली, महेदी हसन, नसुम अहमद, तस्कीन अहमद, शोरफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान

इसे भी पढ़ें: दुनिथ वेलालागे के पिता के लिए खिलाड़ियों ने रखा मौन, मैदान पर इमोशनल हुए बेटे; स्टेडियम में पसरा मातम


 

 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 20 September 2025 at 22:54 IST