अपडेटेड 20 March 2026 at 22:26 IST

IPL 2026 बनेगा टीम इंडिया का 'सिलेक्शन टेस्ट', वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए 20 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट, जानें BCCI का प्लान

BCCI: 28 मार्च से शुरू हो रहा IPL 2026 भारतीय क्रिकेट के लिए निर्णायक साबित होगा। BCCI ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए 20 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है, जिनकी फॉर्म और फिटनेस पर चयनकर्ताओं की पैनी नजर रहेगी।

Follow :  
×

Share


BCCI OneDay WC 2027 Team | Image: BCCI

BCCI: भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए IPL किसी त्योहार से कम नहीं होता है। अक्सर देखा भी गया है कि इसमें परफॉर्मेस के आधार पर कई खिलाड़ियों का चयन भी किया जाता है। लेकिन, इस बार BCCI ने कुछ ऐसा प्लान बनाया है, जिससे अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को वनडे वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिल सकता है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके लिए बोर्ड ने 20 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट भी कर लिया है, जिनके हर मैच पर चयनकर्ताओं की कड़ी निगरानी रहेगी।

स्टेडियम में बैठकर परफॉर्मेंस ट्रैक करेंगे सेलेक्टर

बता दें, अजित अगरकर की अगुवाई वाली सिलेक्शन कमेटी इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। BCCI ने सभी चयनकर्ताओं को अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी सौंप दी है। योजना के मुताबिक, हर चयनकर्ता हफ्ते में कम से कम एक मैच स्टेडियम में जाकर लाइव देखेगा। इससे खिलाड़ियों की न केवल बैटिंग और बॉलिंग, बल्कि उनकी फील्डिंग और मैच के दौरान फिटनेस लेवल की सटीक 'ग्राउंड रिपोर्ट' तैयार की जा सकेगी। 

किस चयनकर्ता को कहां की जिम्मेदारी?

इसे सुचारू रुप से नजर रखने के लिए BCCI ने चयनकर्ताओं के लिए जोन बांट दिए हैं ताकि देश के हर कोने में हो रहे मैचों को कवर किया जा सके। इसमें अजित अगरकर (चीफ सिलेक्टर) को मुंबई की जिम्मेदारी मिली है, जहां रहकर वह मैचों और खिलाड़ियों की फिटनेस पर नजर रखेंगे। वहीं, SS दास कोलकाता के ईडन गार्डन्स और आसपास के वेन्यू को ट्रैक करेंगे। जबकि आरपी सिंह और अजय रात्रा दिल्ली NCR क्षेत्र में होने वाले मुकाबलों की रिपोर्ट तैयार करेंगे। साथ ही प्रज्ञान ओझा बेंगलुरु और हैदराबाद के मैचों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का जायजा लेंगे।

दक्षिण अफ्रीका में सजेगा वनडे वर्ल्ड कप 2027 मंच

साल 2027 का वनडे वर्ल्ड कप क्रिकेट इतिहास का 14वां संस्करण होगा, जो अक्टूबर-नवंबर के महीने में खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी संयुक्त रूप से दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। खास बात यह है कि इस बार वर्ल्ड कप में 10 के बजाय 14 टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है। ऐसे में भारत अभी से अपने सीनियर और युवा खिलाड़ियों की एक ऐसी टीम तैयार करना चाहता है जो विदेशी पिचों पर दबदबा बना सके।

नए चेहरों के बजाय 'कोर ग्रुप' पर फोकस

इस बार चयनकर्ताओं की रणनीति थोड़ी अलग नजर आ रही है। आईपीएल में अक्सर नए उभरते सितारे चर्चा बटोरते हैं, लेकिन सिलेक्शन कमेटी का मुख्य ध्यान उन खिलाड़ियों पर है जो पहले से ही वनडे के कोर ग्रुप का हिस्सा हैं। बोर्ड चाहता है कि वर्ल्ड कप से डेढ़ साल पहले ही खिलाड़ियों की भूमिकाएं तय कर दी जाएं ताकि अंत समय में किसी भी तरह के कन्फ्यूजन से बचा जा सके।

ये भी पढ़ें:  West Bengal Election 2026: RG कर रेप पीड़िता की मां को विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने की अटकलें, इस सीट पर BJP से ठोंक सकती हैं ताल!

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 20 March 2026 at 22:26 IST