अपडेटेड 23 March 2026 at 18:28 IST
टीम इंडिया की अरुंधति रेड्डी ने रचा इतिहास, यह खास खिताब किया अपने नाम, पाकिस्तान के इस खिलाड़ी को भी मिला इनाम
भारतीय महिला टीम की स्टार खिलाड़ी अरुंधति रेड्डी को ICC ने उन्हें खास खिताब के लिए चुना है। उन्होंने हाल में ही ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं, आईसीसी ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को भी खिताब से नवाजा है।
ICC Player of The Month Award: सोमवार, 23 मार्च 2026 को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने फरवरी 2026 के 'प्लेयर ऑफ द मंथ' का ऐलान कर दिया है। महिला कैटोगरी में टीम इंडिया की स्टार खिलाड़ी ने बाजी मारी हैं, तो वहीं, पुरुष कैटोगरी में पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी ने अवॉर्ड अपने नाम किया है। वुमेंस कैटेगरी में टीम इंडिया की स्टार खिलाड़ी अरुणधति रेड्डी ये अवॉर्ड जीतने में कामयाब रही हैं, तो वहीं मेंस कैटेगरी में पाकिस्तानी टीम के साहिबजादा फरहान को प्लेयर ऑफ द मंथ के अवॉर्ड से नवाजा गया है। रेड्डी ने पहली बार प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड जीता है।
अरुंधति रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर किया था शानदार प्रदर्शन
भारतीय महिला टीम की स्टार गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 मैचों की टी20 सीरीज में 8 विकेट अपने नाम किए थे। इस सीरीज में उन्होंने 10.87 की औसत और 7.25 का इकॉनमी रेट से रन दिए थे। सिडनी में खेले गए मैच में उन्होंने 22 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए थे। आपको बता दें कि प्लेयर ऑफ द मंथ, अवॉर्ड के लिए अरुंधति रेड्डी के साथ श्रीलंका की हर्षिता समरविक्रमा और पाकिस्तान की फातिमा सना को भी नॉमिनेट किया गया था।
अवॉर्ड जीतने के बाद रेड्डी ने क्या कहा?
अवॉर्ड जीतने के बाद रेड्डी ने कहा कि 'आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है, और इससे भी ज्यादा खुशी की बात यह है कि मैंने ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज जीतने में योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया को उनके घरेलू मैदान पर हराना कभी आसान नहीं होता, इसलिए यह पुरस्कार और भी मायने रखता है।'
आगे उन्होंने कहा 'इस सीरीज जीत से हमारी टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है, क्योंकि हम इस गर्मी में इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले आईसीसी महिला टी20 विश्व कप की तैयारी कर रहे हैं। हमारे पास एक संतुलित टीम है, और मुझे विश्वास है कि हम एक ऐसी टीम होंगे जिस पर सबकी नजर रहेगी।'
साहिबजादा फरहान को मिला प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड
महिला में ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अरुंधति रेड्डी के नाम रहा, तो वहीं मेंस कैटेगरी में ये अवॉर्ड साहिबजादा फरहान ने जीता है। साहिबजादा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में फरहान ने 7 मैचों की 6 पारियों में 76.60 की औसत और 160.25 के स्ट्राइक रेट से 383 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले।
अवॉर्ड जीतने के बाद साहिबजादा फरहान ने क्या कहा?
अवॉर्ड जीतने के बाद साहिबजादा फरहान ने कहा 'आईसीसी का यह पुरस्कार जीतना एक अविश्वसनीय एहसास है, खासकर विश्व कप के मंच पर किए गए प्रदर्शन के लिए, जहां दुनिया भर के प्रशंसक हर पल को देख रहे हैं। यही बात इसे और भी खास बनाती है।'
आगे उन्होंने कहा 'यह वाकई एक ऐसा टूर्नामेंट था जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा, और मैं आने वाली सीरीज और प्रतियोगिताओं में इस लय को बरकरार रखने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं। मैं अपने साथियों का उनके निरंतर समर्थन और मुझ पर विश्वास के लिए तहे दिल से आभारी हूं - उनके बिना यह संभव नहीं होता।'
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 23 March 2026 at 18:28 IST