अपडेटेड 10 February 2024 at 09:29 IST

AFG vs SL ODI : 720 रन... 68 चौके और 21 छक्के, टूटा धोनी-जयवर्धने का ये विशाल रिकॉर्ड

Afghanistan vs Sri Lanka 1st ODI: श्रीलंका के पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में कुल 720 रन बने, 68 चौके और 21 छक्के लगे।

Follow :  
×

Share


afg vs sl 1st odi | Image: x

AFG vs SL 1st ODI: अगर आपने अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला गया पहला वनडे मैच नहीं देखा, तो यकीन मानिए आपने एकदिवसीय क्रिकेट इतिहास का एक बेहतरीन मुकाबला मिस कर दिया है। अफगानिस्तान की लिहाज से देखें तो भले ही इस मैच में उन्हें हार मिली लेकिन उनका आत्मविश्वास सातवें आसमान पर होगा। श्रीलंका के पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में कुल 720 रन बने, 68 चौके और 21 छक्के लगे। अगर ये कहें कि इस मुकाबले में गेंदबाजों को पूरी तरह से रिमांड पर लिया गया तो गलत नहीं होगा।

श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 381 रनों का पहाड़ खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने दोहरा शतक जड़कर इतिहास रचा। उन्होंने 210 रनों की शानदार पारी खेली जिसमें 20 चौके और 8 छक्के शामिल हैं। इसके बाद लगा कि अफगानिस्तान इस मुकाबले से बाहर हो चुका है लेकिन अफगान के दो धुरंधर मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई के इरादे कुछ और थे।

नबी-उमरजई ने तोड़ा धोनी-जयवर्धने का रिकॉर्ड

382 रनों का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 55 रन के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। लेकिन इसके बाद जो वापसी हुई उसे पूरी दुनिया याद रखेगी। मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई की जोड़ी ने कमाल कर दिया। दोनों ने मिलकर 242 रनों की विशाल पार्ट्नर्शिप की और इसी के साथ दो पूर्व कप्तान एमएस धोनी और महेला जयवर्धने का रिकॉर्ड टूट गया। अगर आप ये सोच रहे हैं कि ये दोनों तो अलग-अलग देश के लिए खेलते थे फिर पार्ट्नर्शिप का रिकॉर्ड कैसे टूटा? चलिए सस्पेंस को तोड़ते हुए बता दें कि धोनी-जयवर्धने की जोड़ी ने एशिया इलेवन की तरफ से खेलते हुए अफ्रीका इलेवन के खिलाफ 2007 में बड़ा कारनामा किया था।

चेन्नई में खेले गए उस मैच में एमएस धोनी और महेला जयवर्धने ने छठे विकेट के लिए 218 रनों की साझेदारी की थी। अब ये रिकॉर्ड टूट गया है। नबी और  उमरजई ने 242 रनों की पार्ट्नर्शिप कर दो महान खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया। 

अनुभवी बल्लेबाज नबी ने 130 गेंदों पर 136 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली वहीं युवा सनसनी उमरजई ने 115 गेंदों पर 149 रनों की पारी खेलकर महफिल लूट ली। 

इसे भी पढ़ें: Afg vs SL ODI: श्रीलंका में 'अफगान पावर' का जलवा, शतकों के सैलाब से दहली 'लंका'


 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 10 February 2024 at 07:44 IST