Asian Games 2026: लवलीना बोरगोहेन ने बर्थडे पर बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल, चीन की खिलाड़ी को दी मात; 12 साल का इंतजार खत्म

देश की सबसे कामयाब बॉक्सर्स में से एक, लवलीना बोरगोहेन ने शुक्रवार को 75kg कैटेगरी के फाइनल में चीन की जियी बाओ को हराकर एशियाई खेलों में महिलाओं की बॉक्सिंग में भारत के 12 साल के गोल्ड मेडल के इंतजार को खत्म किया

Asian Games 2026: लवलीना बोरगोहेन ने बर्थडे पर बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल, चीन की खिलाड़ी को दी मात; 12 साल का इंतजार खत्म | Image: X

देश की सबसे कामयाब बॉक्सर्स में से एक, लवलीना बोरगोहेन ने शुक्रवार को 75kg कैटेगरी के फाइनल में चीन की जियी बाओ को हराकर एशियाई खेलों में महिलाओं की बॉक्सिंग में भारत के 12 साल के गोल्ड मेडल के इंतजार को खत्म किया और खुद को जन्मदिन का शानदार तोहफा दिया।  लवलीना इस गोल्ड मेडल मैच के तीनों राउंड में चीन की खिलाड़ी पर पूरी तरह से भारी पड़ी और जीत हासिल करने में कामयाब रहीं। इससे पहले हांगझोऊ गेम्स में लवलीना फाइनल हारने की वजह से गोल्ड मेडल नहीं जीत पाई थीं। लेकिन इस बार वह गोल्ड मेडल जीतकर घर लौट रही हैं।

गोल्ड मेडल मैच के पहले राउंड में चीनी मुक्केबाज बाओ जियाई ने आक्रामक शुरुआत करते हुए मुक्कों की बरसात कर दी। हालांकि, लवलीना ने अपने संयम को बनाए रखा और बाओ के हर हमले का माकूल जवाब शानदार काउंटर पंचों से दिया। लवलीना ने रिंग में अपनी दूरी और समय का शानदार इस्तेमाल किया, जिसके दम पर जज ने पहला राउंड 3-2 से भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में दिया और लवलीना ने मैच में शुरुआती बढ़त हासिल कर ली।

तीसरे राउंड को लवलीना ने एकतरफा 5-0 से अपने नाम किया

पहले दो राउंड में जीत हासिल करने के बाद 2-0 की बढ़त बना चुकी लवलीना बोरगोहेन ने तीसरे राउंड में भी अपनी लय को बरकरार रखने के साथ 5-0 से एकतरफा जीत हासिल की और इस मैच को अपने नाम करने में कामयाब रहीं। इससे पहले लवलीना ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भी गोल्ड मेडल मैच में अपनी जगह को पक्का किया था, लेकिन उनको सिल्वर मेडल के साथ ही संतोष करने पड़ा था जिसकी कसक वह एशियन गेम्स में दूर करने में कामयाब रहीं। लवलीना के बाद अब महिला बॉक्सिंग खिलाड़ी परवीन और पुरुष बॉक्सर अंकुश के गोल्ड मेडल मैच को लेकर सभी की नजरें हैं। भारत के खाते में अब तक कुल 70 मेडल जुड़ चुके हैं जिसमें गोल्ड मेडल की संख्या 12 पहुंच गई है।

October 2, 2026

12 साल बाद आया गोल्ड

लवलीना का ये मेडल इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले दो एशियन गेम्स में भारत को महिला बॉक्सिंग में एक भी गोल्ड मेडल नहीं मिला था। लवलीना से पहले 2014 में आखिरी बार दिग्गज बॉक्सर एमसी मेरी कॉम ने ही भारत के लिए महिला बॉक्सिंग का गोल्ड जीता था। लवलीना के लिए ये निजी तौर पर ये मेडल कॉमनवेल्थ गेम्स की नाकामी को भुलाने का भी एक मौका है।

कौन हैं लवलीना बोरगोहेन?

लवलीना का जन्म 2 अक्टूबर 1997 को असम के गोलाघाट जिले के बारो मुखिया गांव में हुआ। किसान परिवार से आने वाली लवलीना ने अपने प्रदर्शन और लगातार मेहनत के दम पर भारतीय बॉक्सिंग में खास पहचान बनाई है। वह गुवाहाटी के NCOE में ट्रेनिंग करती हैं और 75 किग्रा वर्ग में खेलती हैं। उन्होंने 2018 और 2019 AIBA ( International Boxing Association/Association Internationale de Boxe Amateur) महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पि‍यनश‍िप में लगातार ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बनाई।

इसके बाद टोक्यो 2020 ओलंपिक में ब्रॉन्ज जीतकर वह ओलंपिक मेडल जीतने वाली तीसरी भारतीय बॉक्सर और दूसरी भारतीय महिला बॉक्सर बनीं। 2023 IBA महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पि‍यनश‍िप में लवलीना ने गोल्ड मेडल जीता। वह एशियन चैम्पि‍यनश‍िप और वर्ल्ड बॉक्सिंग कप समेत कई बड़ी इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। लवलीना को अर्जुन अवॉर्ड और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड भी मिल चुका है। उनकी उपलब्धियों ने खास तौर पर नॉर्थईस्ट भारत के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित किया है।

इसे भी पढ़ें- क्या यही PDA है...राज्यसभा कैंडिडेट्स के नाम को लेकर सपा पर बरसीं मायावती, बोलीं- सांसद-विधायक परिवार और पूंजीपतियों से बनाती है
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 2 October 2026 at 12:14 IST