अपडेटेड 1 December 2024 at 16:52 IST

आनंद के बाद 2800 ईएलओ रेटिंग हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बने एरिगेसी

ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी गोल्ड स्तर की 2800 ईएलओ रेटिंग हासिल करने वाले महान खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद के बाद दूसरे भारतीय और दुनिया के 16वें खिलाड़ी बने।

Follow :  
×

Share


Indian Chess grandmaster Arjun Erigaisi | Image: FIDE

Chess: ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी रविवार को गोल्ड स्तर की 2800 ईएलओ रेटिंग हासिल करने वाले महान खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद के बाद दूसरे भारतीय और दुनिया के 16वें खिलाड़ी बने। वो नवीनतम शतरंज विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं।

इस साल बेहतरीन फॉर्म में चल रहे 21 साल के एरिगेसी ने हाल में शतरंज ओलंपियाड में भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन के दौरान व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने के अलावा टीम को खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।

शतरंज की वैश्विक संचालन संस्था फिडे ने ‘एक्स’ पर लिखा-

अर्जुन एरिगेसी क्लासिकल शतरंज रेटिंग में 2800 ईएलओ रेटिंग के आंकड़े को पार करने वाले इतिहास के 16वें खिलाड़ी बन गए हैं। अर्जुन एरिगेसी पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय हैं। दिसंबर 2024 की फिडे रेटिंग सूची में उनकी रेटिंग 2801 है और वो वर्तमान में दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी हैं। इस 21 साल के खिलाड़ी ने इसी साल 45वें शतरंज ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम और व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता था।

तेलंगाना के वारंगल में जन्में एरिगेसी ने 14 साल 11 महीने 13 दिन की उम्र में ग्रैंडमास्टर खिताब हासिल किया था। सितंबर 2024 में वह भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी बने थे। विश्व रैंकिंग में अब एरिगेसी से आगे सिर्फ नॉर्वे के दिग्गज मैग्नस कार्लसन (2831), अमेरिका के फाबियानो करूआना (2805) और अमेरिका के ही हिकारू नाकामूरा (2802) हैं।

सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप मुकाबले में चीन के डिंग लिरेन को चुनौती दे रहे भारत के 18 वर्षीय डी गुकेश 2783 रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर हैं। लिरेन (2728) 22वें पायदान पर हैं।

ये भी पढ़ें- सरफराज खान की विकेटकीपिंग पर रोहित को आया गुस्सा, गेंद छोड़ी तो मार दिया घूंसा; VIDEO वायरल

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 1 December 2024 at 16:52 IST