Vastu Tips For Money: घर में मौजूद ये 5 चीजें कभी नहीं आने देती दरिद्रता, नहीं होगी धन की कमी; जानें क्या कहता है वास्तु शास्त्र
Vastu Upay To Bring Money: अगर आप अपने घर में सुख, शांति और समृद्धि चाहते हैं, तो इन छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना फायदेमंद हो सकता है। सही वस्तुएं और सकारात्मक सोच मिलकर आपके जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती हैं।
Vastu Tips For Happy Home: वास्तु शास्त्र में ऊर्जा का बहुत महत्व माना जाता है। कहा जाता है कि हमारे घर में मौजूद हर वस्तु अपने अंदर एक खास तरह की ऊर्जा रखती है, जो हमारे जीवन को प्रभावित करती है। जब घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है, तो सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। वहीं, नकारात्मक ऊर्जा परेशानियों का कारण बन सकती है। इसलिए वास्तु विशेषज्ञ हमेशा घर को संतुलित और व्यवस्थित रखने की सलाह देते हैं।
मान्यता है कि जहां सकारात्मक ऊर्जा होती है, वहां धन की देवी मां लक्ष्मी का वास होता है। ऐसे में कुछ विशेष चीजों को घर में रखने से न केवल सकारात्मकता बढ़ती है, बल्कि करियर और व्यापार में भी तरक्की के रास्ते खुलते हैं। आइए जानते हैं ऐसी 5 शुभ वस्तुओं के बारे में, जिन्हें घर में रखना लाभकारी माना जाता है।
श्रीमद् भगवद् गीता
भगवद् गीता हिंदू धर्म का एक पवित्र ग्रंथ है। इसे घर में रखने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और जीवन में सही दिशा मिलती है। अगर रोज इसका थोड़ा-बहुत पाठ किया जाए, तो मन शांत रहता है और तनाव कम होता है।
चांदी का सिक्का
वास्तु के अनुसार चांदी का सिक्का घर में रखना बहुत शुभ माना जाता है। चांदी का संबंध चंद्रमा से होता है, जो मन को शांत रखने में मदद करता है। इसे तिजोरी या जहां आप पैसे रखते हैं, वहां रखने से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
पांच कौड़ियां
कौड़ियों को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि ये समुद्र से उत्पन्न हुई हैं, इसलिए धन से जुड़ी मानी जाती हैं। शुक्रवार या पूर्णिमा के दिन पांच साबुत कौड़ियों पर हल्दी लगाकर पूजा स्थान में रखने से धन लाभ के योग बनते हैं।
हल्दी की गांठ
हल्दी को बहुत पवित्र माना जाता है और इसका संबंध भगवान विष्णु से जोड़ा जाता है। जहां भगवान विष्णु का वास होता है, वहां मां लक्ष्मी भी रहती हैं। तिजोरी या धन रखने की जगह पर हल्दी की गांठ रखने से घर में समृद्धि बढ़ती है।
गुलाब का पौधा
गुलाब का फूल मां लक्ष्मी को प्रिय माना जाता है। घर में सही दिशा में गुलाब का पौधा लगाने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और वातावरण खुशहाल रहता है। यह न केवल घर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि वास्तु दोष को भी कम करता है।
यह जरूर पढ़ें: Guru Gochar 2026: गुरु का पुनर्वसु नक्षत्र में गोचर लाएगा कई राशियों के लिए शुभ संकेत, जानें किन 5 राशियों को होगा जबरदस्त लाभ
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 6 April 2026 at 11:16 IST