अपडेटेड 30 March 2024 at 06:59 IST
Somwati Amavasya 2024: इस दिन पड़ रही है सोमवती अमावस्या, जानिए डेट और स्नान-दान का मुहूर्त
Somwati Amavasya 2024: अप्रैल में किस दिन सोमवती अमावस्या पड़ रही है और इस दिन स्नान-दान का मुहूर्त क्या रहेगा, आइए यहां जानते हैं।
Somwati Amavasya 2024: हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि का बेहद खास महत्व है। शास्त्रों में माना गया है कि अमावस्या तिथि के दिन पूजा और स्नान-दान करने से पितृ दोष समाप्त हो जाता है और पितरों का आशीर्वाद व्यक्ति और घर-परिवार पर हमेशा बना रहता है। वैसे तो अमावस्या तिथि काफी अहम होती है लेकिन चैत्र माह में पड़ने वाली अमावस्या का विशेष महत्व है।
सनातन धर्म में सोमवार और शनिवार के दिन पड़ने वाली अमावस्या बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है। वहीं, इस बार चैत्र माह में पड़ने वाली अमावस्या को सोमवार के दिन पड़ रही है जिस कारण इसे चैत्र अमावस्या (Chaitra Amavasya) के साथ-साथ सोमवती अमावस्या (Somwati Amavasya) भी कहा जाएगा।
सोमवती अमावस्या के दिन पितरों की पूजा करने के साथ-साथ भगवान शिव की भी पूजा किए जाने का विधान है। साथ ही इस दिन स्नान-दान का भी खास महत्व होता है। ऐसे में आपको जान लेना चाहिए कि सोमवती अमावस्या किस तारीख को पड़ रही है और स्नान-दान का शुभ मुहूर्त क्या है।
कब है सोमवती अमावस्या? (Somwati Amavasya 2024 Date)
पंचांग के अनुसार, चैत्र माह में पड़ने वाली अमावस्या की तिथि 8 अप्रैल, सुबह 3 बजकर 21 मिनट से शुरू होकर इसी दिन रात 11 बजकर 50 मिनट खत्म हो जाएगी। ऐसे में चैत्र माह की अमावस्या अप्रैल की 8 तारीख को पड़ रही है। इस दिन सोमवार होने से इसे सोमवती अमावस्या भी कहा जा रहा है।
सोमवती अमावस्या के दिन स्नान और दान का शुभ मुहूर्त (Snan-Daan Ka Shubh Muhurt)
किसी भी अमावस्या तिथि के दिन स्नान-दान का विशेष महत्व होता है। ऐसे में अगर आप भी इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने के बाद दान का कार्य करने के बारे में सोच रहे हैं तो आपको इसके शुभ मुहूर्त के बारे में जान लेना चाहिए। सोमवती अमावस्या के दिन यानी 8 अप्रैल को सुबह 4 बजकर 32 मिनट से सुबह 5 बजकर 18 मिनट तक आप स्नान-दान कर सकते हैं। इसके बाद आप सुबह 9 बजकर 13 मिनट से सुबह 10 बजकर 48 मिनट तक शिव पूजा कर सकते हैं। इसके अलावा सुबह 11 बजकर 58 मिनट से दोपहर 12 बजकर 48 मिनट तक पितरों के तर्पण का समय रहेगा।
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal: मेष से मीन तक, कैसा रहेगा आज आपका दिन? पढ़ें राशिफल
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 30 March 2024 at 06:59 IST