अपडेटेड 16 March 2024 at 08:46 IST
Shaniwar Vrat: करने जा रहे हैं शनिवार का व्रत! इन नियमों का रखें ध्यान, तभी मिलेगा मनचाहा फल
Shaniwar Vrat Ke Niyam: अगर आप शनिवार के दिन भगवान शनि के नाम का व्रत करने जा रहे हैं तो आपको इन नियमों का पालन जरूर करना चाहिए।
Shaniwar Vrat Ke Niyam: हिंदू धर्म में सप्ताह का हर दिन किसी न किसी देवी-देवता को समर्पित किया गया है। जिसके अनुसार सोमवार के दिन शिवजी, मंगलवार के दिन हनुमान जी और शनिवार के दिन भगवान शनिदेव की पूजा की जाती है। शास्त्रों में शनिदेव को न्याय का देवता कहा गया है। माना जाता है कि शनिदेव व्यक्ति के कर्मों के हिसाब से उसे फल या सजा देते हैं।
वहीं, अगर कोई व्यक्ति श्रद्धाभाव से शनिवार के दिन शनिदेव की पूजा और व्रत करता है तो भगवान उस पर अपनी कृपा हमेशा बनाए रखते हैं। हालांकि शनिवार का व्रत करते समय साधक को कई नियमों का पालन भी करना होता है। ऐसा इसलिए क्योंकि शनिदेव का व्रत काफी कठिन होता है। ऐसे में अगर आप व्रत के नियमों का पालन सही तरह से नहीं करते हैं तो आपको उसका पूरा फल नहीं मिलता है और साधक की पूजा पूरी नहीं मानी जाती है।
इसलिए अगर आप भी शनिवार के दिन शनिदेव के लिए व्रत करने जा रहे हैं तो आपको कुछ नियमों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। आइए जानते हैं कि ये नियम कौन से हैं।
शनिवार व्रत के नियम (Rules of saturday fast)
- शनिवार के दिन व्रत करने वाले साधक और परिवार के अन्य सदस्यों को तामसिक भोजन का सेवन भूलकर भी नहीं करना चाहिए। इससे आपको शनिदेव की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है।
- जैसा कि शनिदेव व्यक्ति के कर्मों के अनुसार उसे फल या सजा देते हैं, इसलिए शनिवार के व्रत में भूलकर भी किसी का अपमान नहीं करना चाहिए और न ही किसी को बुरा बोलना चाहिए। अगर आप ऐसा करते हैं तो शनिदेव आप से नाराज हो सकते हैं।
- शनिवार के व्रत में अन्न का सेवन नहीं करना चाहिए। इस दिन आपको फलाहार व्रत ही करना चाहिए।
- शनिवार के व्रत में शनिदेव को धूप, फूल, फल और काले तिल आदि अर्पित जरूर करें। इससे आप पर भगवान का आशीर्वाद बना रहेगा।
- शनिवार के व्रत में काले कुत्ते की सेवा जरूर करें। आप उन्हें खाना खिला सकते हैं। इससे शनिदेव प्रसन्न होंगे।
- शनिवार के दिन धन और लोहे की वस्तु आदि चीजों का दान जरूर करना चाहिए। हालांकि आप अपनी श्रद्धा के अनुसार इन चीजों का दान कर सकते हैं। इससे शनिदेव जल्दी प्रसन्न होते हैं।
- शनिवार के व्रत के पारण में खिचड़ी और काली उड़द की दाल का सेवन करें। तभी आपका व्रत पूरी तरह से सफल माना जाएगा।
- शनिदेव की पूजा के दौरान उनके मंत्रों का जाप करें और आरती पढ़ें।
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal: मेष से मीन तक, कैसा रहेगा आज 12 राशियों का दिन, पढ़ें राशिफल
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 16 March 2024 at 06:46 IST