Sawan 2026: कल से सावन का महीना शुरू, भगवान शिव को चढ़ाएं ये 5 चीजें; सभी मनोकामना होंगी पूरी
भगवान शिव के भक्तों के लिए सबसे प्रिय 'सावन का महीना' कल से शुरू होने जा रहा है। भक्ति, पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा से भरा यह महीना महादेव को प्रसन्न करने और उनकी विशेष कृपा प्राप्त करने का सबसे उत्तम समय माना जाता है।
- धर्म और अध्यात्म
- 2 min read
हिंदू धर्म में सावन का महीना सबसे पवित्र और फलदायी माना जाता है। यह पूरा महीना देवाधिदेव महादेव को समर्पित होता है। कल से सावन का पावन महीना शुरू हो रहा है, और चारों ओर "हर-हर महादेव" की गूंज सुनाई देने लगेगी। मान्यता है कि सावन में जो भक्त सच्चे मन से भगवान शिव की आराधना करता है, भोलेनाथ उसकी सभी मनोकामनाएं शीघ्र पूरी करते हैं।
अगर आप भी इस सावन में भगवान शिव की कृपा पाना चाहते हैं तो पूजा के दौरान भोलेनाथ को उनके प्रिय चीजों को जरूर चढ़ाएं।
भोलेनाथ को चढ़ाएं जल और कच्चा दूध
शिवजी को 'आशुतोष' कहा जाता है, जिसका अर्थ है बहुत जल्दी प्रसन्न होने वाले। सावन में शिवलिंग पर रोज केवल एक लोटा शुद्ध जल अर्पित करने से भी महादेव प्रसन्न हो जाते हैं। जल के साथ शिवलिंग पर कच्चा दूध अर्पित करना बेहद शुभ माना गया है। इससे आरोग्य की प्राप्ति होती है और मानसिक तनाव दूर होता है।
भोलेनाथ को चढ़ाएं बेलपत्र
बेलपत्र के बिना भगवान शिव की पूजा अधूरी मानी जाती है। बेलपत्र की तीन पत्तियां त्रिगुणों सत्व, रज, तम और त्रिदेव ब्रह्मा, विष्णु, महेश का प्रतीक हैं।सावन में रोजाना शिवलिंग पर 11 या 21 बेलपत्र चढ़ाने से धन-धान्य की वृद्धि होती है। ध्यान रखें कि बेलपत्र कहीं से कटा-फटा न हो और उसकी चिकनी सतह शिवलिंग की ओर होनी चाहिए।
भोलेनाथ को चढ़ाएं भांग और धतूरा
पौराणिक कथाओं के अनुसार, समुद्र मंथन के समय जब महादेव ने विषपान किया था, तब उनके शरीर की उष्णता को शांत करने के लिए जड़ी-बूटियों का प्रयोग किया गया था। यही कारण है कि शिवजी को भांग और धतूरा अति प्रिय हैं। सावन में इन्हें अर्पित करने से जीवन से भय, रोग और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।
भोलेनाथ को चढ़ाएं अक्षत
पूजा-अर्चना में 'अक्षत' यानी बिना टूटे हुए चावल का विशेष महत्व है। शास्त्रों के अनुसार, शिवलिंग पर अक्षत अर्पित करने से दरिद्रता का नाश होता है और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। शिवलिंग पर 5 या 11 दाने अक्षत के चढ़ाते समय ध्यान रखें कि चावल का एक भी दाना टूटा हुआ न हो।
भोलेनाथ को चढ़ाएं सफेद चंदन
भगवान शिव को शीतलता प्रदान करने वाली वस्तुएं बहुत पसंद हैं। सावन के महीने में शिवलिंग पर सफेद चंदन से त्रिपुंड बनाएं या चंदन का लेप लगाएं। ऐसा करने से शिवजी भक्त को शांत चित्त, आकर्षण और सुखी जीवन का आशीर्वाद देते हैं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 29 July 2026 at 23:46 IST