अपडेटेड 3 January 2026 at 21:51 IST

Sakat Chauth 2026: 6 या 7 जनवरी... कब है सकट चौथ? भद्रा के साथ बन रहा है शुभ योग, जानें सही तिथि, मुहूर्त और चंद्रोदय का समय

Sakat Chauth 2026 Kab Hai: सकट चौथ के दिन शुभ योगों का सुंदर संयोग बन रहा है, जिससे व्रत और पूजा का विशेष फल मिलेगा। सही मुहूर्त में पूजा करके आप संतान सुख, बाधाओं से मुक्ति और जीवन में सुख-शांति की कामना कर सकते हैं।

सकट चौथ 2026 | Image: Freepik

Sakat Chauth 2026 Lord Ganesha: हर साल माघ महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को सकट चौथ का व्रत रखा जाता है। यह व्रत खास तौर पर संतान की रक्षा, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए किया जाता है। इस दिन भगवान गणेश की पूजा कर उन्हें तिलकुट का भोग लगाया जाता है, इसलिए इसे तिल चौथ, तिलकुट चतुर्थी और माघ संकष्टी चतुर्थी भी कहा जाता है।

साल 2026 में सकट चौथ को लेकर लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि सकट चौथ 6 जनवरी को है या 7 जनवरी को मनाई जाएगी? तो चलिए जानते हैं सकट चौथ की सही तिथि, शुभ योग और मुहूर्त का सही समय क्या है?

सकट चौथ 2026 की सही तारीख क्या है?

दृक पंचांग के अनुसार,माघ कृष्ण चतुर्थी तिथि का प्रारंभ 6 जनवरी 2026, मंगलवार सुबह 8:01 बजे से लेकर अगले दिन 7 जनवरी 2026, सुबह 6:52 बजे पर समाप्त होगा। 
हालांकि चतुर्थी तिथि दोनों दिन है, लेकिन सकट चौथ के व्रत में चंद्रमा की पूजा चतुर्थी तिथि में होना जरूरी माना जाता है। 6 जनवरी को चंद्रोदय चतुर्थी तिथि में हो रहा है और 7 जनवरी को चंद्रोदय पंचमी तिथि में होगा। इसलिए सकट चौथ का व्रत 6 जनवरी 2026 (मंगलवार) को ही रखा जाएगा।

सकट चौथ 6 जनवरी 2026 पर बनेंगे शुभ योग

इस दिन पूजा-पाठ के लिए कई शुभ योग बन रहे हैं, जैसे-

  • सर्वार्थ सिद्धि योग: सुबह 07:15 बजे से दोपहर 12:17 बजे तक रहेगा। 
  • प्रीति योग: प्रातःकाल से रात 08:21 बजे तक रहेगा। 
  • इसके बाद आयुष्मान योग का आरंभ होगा।

वहीं इनकी नक्षत्र स्थिति अश्लेषा नक्षत्र सुबह से दोपहर 12:17 बजे तक रहेगा। इसके बाद मघा नक्षत्र रहेगा। ये योग सकट चौथ को और भी फलदायी बना रहे हैं।

सकट चौथ पर भद्रा का समय क्या है?

सकट चौथ के दिन भद्रा भी लग रही है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है।  ऐसा इसलिए क्योंकि भद्रा प्रारंभ सुबह 07:15 बजे से होगी और भद्रा समाप्त सुबह 08:01 बजे तक हो जाएगी। ऐसे में भद्रा का समय कुल 46 मिनट ही रहने वाला है। इस दौरान भद्रा का वास धरती पर है, इसलिए भद्रा समय में कोई भी शुभ कार्य न करें। पूजा भद्रा समाप्त होने के बाद ही करें।

सकट चौथ पूजा मुहूर्त क्या है?

भगवान गणेश की पूजा के लिए शुभ समय:

  • पूजन का शुभ समय: सुबह 09:51 बजे से दोपहर 01:45 बजे तक रहेगा। 
  • ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 05:26 से 06:21 बजे तक रहेगा। 
  • अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 12:06 से 12:48 बजे तक रहेगा। 
  • राहुकाल: दोपहर 03:03 से 04:21 बजे रहेगा। आप इस समय पूजा न करें।

सकट चौथ पर चंद्रोदय का समय

सकट चौथ पर चंद्रोदय रात 08 बजकर 54 मिनट पर होगा। दिन में गणेश जी की पूजा करें और रात में चंद्र देव को अर्घ्य दें। अर्घ्य देते समय पानी में कच्चा दूध, फूल और अक्षत मिलाएं। व्रत का पारण चंद्र दर्शन के बाद या फिर 7 जनवरी को सूर्योदय के बाद किया जा सकता है।

साल 2026 में सकट चौथ 6 जनवरी, मंगलवार को मनाई जाएगी। इस दिन शुभ योगों का सुंदर संयोग बन रहा है, जिससे व्रत और पूजा का विशेष फल मिलेगा। सही मुहूर्त में पूजा करके आप संतान सुख, बाधाओं से मुक्ति और जीवन में सुख-शांति की कामना कर सकते हैं।

यह जरूर पढ़ें: Budh Gochar 2026: बुध करेंगे शुक्र के नक्षत्र में प्रवेश, जानें किन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम, जीवन में आएगी सुख-समृद्धि
 

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्‍यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 3 January 2026 at 21:51 IST