Mahashivratri 2024: भोले को करना है खुश! महाशिवरात्रि के दिन जरूर अर्पित करें उनके पसंदीदा फूल
Mahashivratri 2024: महाशिवरात्रि के मौके पर आप भगवान शिव को उनके ये प्रिय फूल जरूर अर्पित करें।
Mahashivratri 2024: भगवान भोलेनाथ के भक्त पूरे साल महाशिवरात्रि का इंतजार करते हैं। महाशिवरात्रि फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाई जाती है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का गठबंधन हुआ था। इसलिए जो भक्त इस दिन सच्चे दिल से भोलेनाथ और मां पार्वती की पूजा करता है उसकी हर मनोकामना पूरी होती है। वहीं, इस साल 8 मार्च के दिन महाशिवरात्रि मनाई जाएगी।
शिवजी के लिए कहा जाता है कि वह अति भोले हैं। वह भक्त के थोड़े प्रयासों से ही प्रसन्न हो जाते हैं। इसलिए तो उन्हें भोलेनाथ भी कहा जाता है। अगर आप भी चाहते हैं कि भगवान शिव आप से प्रसन्न होकर आप पर अपनी कृपा हमेशा बनाए रखें तो आपको महाशिवरात्रि के दिन उन्हें उनके बेहद प्रिय फूल जरूर अर्पित करने चाहिए। तो चलिए बिना किसी देरी के जान लेते हैं उन फूलों के बारे में जो भोलेनाथ को अति प्रिय है।
महाशिवरात्रि पर शिवजी को अर्पित करें ये फूल
धतूरे का फूल
इस महाशिवरात्रि के दिन भगवान भोलेनाथ को धतूरे का फूल जरूर अर्पित करें। माना जाता है कि इस दिन शिवलिंग पर धतूरे का फूल अर्पित करने से मन में विष रूपी ईर्ष्या और द्वेष पूरी तरह से खत्म हो जाता है।
शमी का फूल
शमी का फूल भी महादेव की काफी पसंद है। इस फूल को अर्पित करने से महादेव जल्दी खुश होकर अपने भक्त की हर मनोकामना पूरी करते हैं।
पारिजात के फूल
पारिजात हरसिंगार के फूल महाशिवरात्रि के मौके पर महादेव को जरूर अर्पित करें। ये छोटे-छोटे खूशबूदार फूल शिव जी को काफी प्रिय हैं।
मदार का फूल
भगवान शिव को मदार का फूल भी बेहद प्रिय है। इसे आक का फूल भी कहा जाता है। माना जाता है कि शिवलिंग की पूजा करते समय इस फूल को चढ़ाया जाए तो भगवान शिव भक्त को मोक्ष का वरदान देते हैं और उस पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं।
कनेर का फूल
भगवान शिव को कनेर का फूल बेहद पसंद है। ये फूल लाल, पीला और सफेद तीन रंगों में आता है। माना जाता है कि इस फूल को शिवजी पर अर्पित करने से भगवान तुरंत भक्त से प्रसन्न हो जाते हैं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 22 February 2024 at 07:51 IST