Chhath Puja 2026: 13 नवंबर से शुरू होगा 4 दिवसीय महापर्व, देखें नहाय-खाय और अर्घ्य की पूरी तिथियां

चार दिनों तक चलने वाला लोक आस्था का महापर्व छठ 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए रखा जाने वाला यह 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत बेहद पवित्र माना जाता है।

Chhath Puja 2026: 13 नवंबर से शुरू होगा 4 दिवसीय महापर्व, देखें नहाय-खाय और अर्घ्य की पूरी तिथियां | Image: Meta AI

हर साल देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा बेहद उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में भगवान सूर्य और छठी मईया की पूजा-अर्चना का विशेष विधान है। संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना के लिए रखा जाने वाला यह व्रत बेहद कठिन माना जाता है, जिसमें व्रती पूरे 36 घंटे का निर्जला उपवास रखते हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अनुष्ठान को विधि-विधान से पूरा करने से घर में सुख-समृद्धि और आरोग्य का वास होता है। इस महापर्व की शुरुआत 'नहाय-खाय' से होती है और इसका समापन उगते हुए सूर्य को 'उषा अर्घ्य' देने के साथ होता है। आइए जानते हैं छठ पूजा 2026 के इन चारों दिनों के मुख्य पड़ाव और उनकी तिथियों के बारे में विस्तार से।

नहाय-खाय (13 नवंबर 2026)

छठ महापर्व के पहले दिन को 'नहाय-खाय' कहा जाता है, जिसकी शुरुआत कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है। इस साल नहाय-खाय 13 नवंबर को है। इस दिन व्रती नदी या पवित्र जल में स्नान करने के पश्चात भगवान सूर्य और अपनी कुल देवी-देवताओं का स्मरण कर पूजा करते हैं। शुद्धता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखते हुए इस दिन भोजन में पारंपरिक रूप से लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का सेवन किया जाता है।

खरना (14 नवंबर 2026)

छठ पर्व का दूसरा दिन 'खरना' के रूप में मनाया जाता है, जो कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को पड़ता है। इस बार खरना 14 नवंबर 2026 को है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम के समय गुड़ से बनी खीर का प्रसाद तैयार करते हैं। खरना की पूजा के बाद इसी प्रसाद को ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का कठिन 36 घंटों का निर्जला व्रत आरंभ हो जाता है।

संध्या अर्घ्य (15 नवंबर 2026)

छठ महापर्व का तीसरा और बेहद महत्वपूर्ण दिन अचल आस्था और समर्पण का प्रतीक है। इस दिन यानी कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इस बार संध्या अर्घ्य 15 नवंबर को है। इस दिन व्रती और उनके परिवारजन नदी, तालाब या जलकुंड के घाट पर एकत्रित होते हैं। जल के भीतर खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य देव को ठेकुआ, मौसमी फल और जल से अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इस दिन सूर्यास्त का समय शाम 05:45 बजे निर्धारित है।

उषा अर्घ्य और व्रत पारण (16 नवंबर 2026)

चार दिवसीय इस महापर्व का समापन सप्तमी तिथि को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होता है। वर्ष 2026 में उषा अर्घ्य 16 नवंबर को दिया जाएगा। इस दिन सुबह-सुबह उगते सूर्य को जल अर्पित किया जाता है और सूर्योदय का समय सुबह 06:47 बजे का है। सूर्य देव की उपासना के पश्चात व्रती अपने परिवार और समाज के कल्याण की कामना करते हैं और इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर अपने 36 घंटे के लंबे निर्जला व्रत का पारण (संपूर्ण) करते हैं।

ये भी पढ़ें - 'घर के अंदर रखें, एयर प्यूरीफायर चलाते रहें, सांस से घरघराहट...', एक्सपर्ट ने बताया दिल्ली में भीषण प्रदूषण से छोटे बच्चों को बचाने के लिए क्या करें

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 9 November 2026 at 23:26 IST