अपडेटेड 4 November 2024 at 14:48 IST
Chhath Puja 2024: नहाय-खाय के साथ कल से आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत, पटना में कैसी है तैयारी?
Chhath Puja 2024: कल से आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत होने जा रही है। आइए जानते हैं कि इस मौके पर पटना में कैसी तैयारी है।
Chhath Puja 2024: आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत कल यानी मंगलवार, 5 नवंबर से होने जा रही है। चार दिनों तक चलने वाला ये महापर्व मंगलवार को नहाय-खाय के साथ शुरू किया जाएगा। इसके बाद बुधवार को खरना होगा और गुरुवार को पहला अर्घ्य दिया जाएगा। जिसेक बाद चौथे दिन यानी शुक्रवार को सुबह के समय उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पूजा का समापन हो जाएगा।
छठ महापर्व वैसे तो भारत के हर राज्य में मनाया जाता है। लेकिन बिहार की राजधानी पटना में इसकी अलग ही छटा देखने को मिलती है। पटना के घाटों पर छठ में काफी भीड़ होती है। छठी माई की पूजा करने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा नदी के किनारे पहुंचते हैं। जिसे देखते हुए शासन प्रशासन हर साल इस महापर्व के समय जोरदार तैयारी करते हैं।
इस साल छठ पूजा को देखते हुए जिला प्रशासन एक महीने से तैयारी करने में लगा हुआ है। इस बार अंतिम समय में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया था। हालांकि अब सभी घाटों को लगभग पूरी तरह से इस महापार्व के लिए तैयार कर लिया गया है। वहीं, जिला प्रशासन ने दावा किया है कि पूरे पटना जिले में गंगा और सहायक नदियों के 550 घाटों पर लोग छठ करते हैं।
इतना ही नहीं पटना नगर निगम में 102 गंगा घाट पर छठ की तैयारी की गई है। जिसमें करीब 45 पार्क और 63 तालाब भी अलग से शामिल हैं। पटना के सभी छठ घाट और तालाब पर जिला प्रशासन की ओर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।
SDRF और NDRF की टीमें रहेंगी तैनात
पटना में छठ महापर्व पर होने वाली भीड़ को देखते हुए एनडीआरएफ की 08 टीम तैनात की गई हैं। जिनमें 200 सदस्य होंगे। वहीं एसडीआरएफ की 14 टीमें इस मौके पर तैनात रहेंगे, जिसमें 56 सदस्य रहेंगे। छठ महापर्व के दौरान ये सभी टीमें पूरी तरह से तैयार रहेंगी। इसके साथ ही 333 गोताखोर, 306 नाव/नाविक और सिविल डिफेंस के 168 वालंटियर भी तैनात रहेंगे।
355 अस्थायी चेंजिंग रूम
छठ महापर्व के मौके पर पटना में श्रद्धालुओं के लिए कुल 512 अस्थायी शौचालय बनाए गए हैं। 450 अस्थायी यूरिनल, पीने के पानी के लिए 185 नल, 50 पानी के टैंकर, इसके अलावा कई जगहों पर 37 चापाकल भी लगाए गए हैं। नल में पानी के लिए 20 सबमर्सिबल मोटर और पीवीसी टैंक लगाए गए हैं छठ व्रतियों के लिए 355 अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। 14 यात्री शेड, सुरक्षा निगरानी के लिए 97 कंट्रोल रूम और 13 सिक्योरिटी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। वहीं दूर से निगरानी के लिए 154 वाच टावर बनाए गए हैं। यानी कि पटना प्रशासन कल से शुरू होने वाले छठ महापर्व को लेकर पूरी तरह से तैयार है।
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 4 November 2024 at 14:48 IST