अपडेटेड 31 December 2025 at 08:38 IST
Ayodhya Ram Mandir: रामलला के महाभिषेक में शामिल होंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी, माता अन्नपूर्णा के शिखर पर फहराएंगे धर्म ध्वजा
Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या की पावन धरा एक बार फिर उत्सव और भक्ति के रंग में सराबोर है। राम मंदिर की प्रतिष्ठा द्वादशी के उपलक्ष्य में सोमवार से पांच दिवसीय भव्य अनुष्ठानों का शुभारंभ हो चुका है। वहीं आज बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे।
Ayodhya Ram Mandir: आज 31 दिसंबर को धर्मनगरी अयोध्या एक बार फिर इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अध्याय लिख रही है। प्रभु श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के पावन अवसर पर राम जन्मभूमि परिसर में भव्य 'प्रतिष्ठा द्वादशी महोत्सव' मनाया जा रहा है। यह दिन न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनरुत्थान का प्रतीक भी है।
इस ऐतिहासिक उत्सव की गरिमा बढ़ाने के लिए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज सुबह 11:00 बजे राम जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अयोध्या में उनकी अगवानी करेंगे। हिंदू पंचांग के अनुसार, आज पौष शुक्ल की द्वादशी है, 2024 में इसी तिथि पौष शुक्ल द्वादशी के सानिध्य में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी।
आपको बता दें, राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की द्वादशी के अनुष्ठान सोमवार से आरंभ हो गए। सुबह 8 बजे पूजा-अर्चना के साथ श्रीरामचरितमानस का पाठ शुरू हुआ। वहीं करीब ढाई बजे से गद्गुरु रामदिनेशाचार्य ने रामभक्तों को रामकथा का रसपान कराया।
मां अन्नपूर्णा के मंदिर पर ध्वजारोहण
रक्षा मंत्री द्वारा मां अन्नपूर्णा के नवनिर्मित शिखर पर ध्वज फहराया जाएगा। राम मंदिर के निकास द्वार के निकट स्थित ऐतिहासिक 'अंगद टीला' पर राजनाथ सिंह और सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे। रामलला के दरबार में विशेष आरती और भोग का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
दो बड़े दिग्गजों की उपस्थिति और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अयोध्या प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरी अयोध्या नगरी को 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से अयोध्या धाम को 5 जोन और 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
3000 जवानों को किया गया तैनात
रक्षा व्यवस्था को सही करने के लिए लगभग 3000 जवानों को तैनात किया गया है। अन्य जिलों से 4 अपर पुलिस अधीक्षक, 9 सीओ, 50 निरीक्षक और 150 उप-निरीक्षकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 31 December 2025 at 08:38 IST