अपडेटेड 1 October 2024 at 16:36 IST
Navratri Colours 2024: नवरात्रि में 9 देवियों को करना है प्रसन्न? दिन के हिसाब से चुने कपड़े का रंग
Navratri Colors: नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होने वाला है। ऐसे में अगर आप माता रानी को प्रसन्न करना चाहते हैं, तो 9 दिन उनके प्रिय रंग के कपड़े पहन सकते हैं।
Navratri 9 deviyo ke rang: मां दुर्गा के उपासकों को शारदीय नवरात्रि का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार रहता है। वहीं इस पावन पर्व को शुरू होने में अब बस 1 दिन और रह गया है, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से देखने के मिल रही है। लोग माता रानी को प्रसन्न करने के लिए हर तैयारी कर रहे हैं। नौ दिन के इस पर्व में माता के भक्त नौ दिनों तक देवी के नौ अलग-अलग रूप की पूजा करते हैं। इन सभी देवियों के भोग से लेकर रंग तक सब अलग-अगल होते हैं। अगर आप भी माता रानी को प्रसन्न करना चाहते हैं, तो उनके दिन के हिसाब से उनके पसंदीदा रंग के कपड़े पहनें।
नवरात्रि के नौ दिन नौ देवियों को समर्पित हैं। इसमें पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा की जाती है, दूसरे दिन ब्रह्मचारिणी, तीसरे दिन चंद्रघंटा, चौथे दिन कुष्मांडा, पांचवे दिन स्कंद माता, छठे दिन कात्यायनी, सातवें दिन कालरात्रि, आठवे दिन महागौरी, नौवें दिन सिद्धिदात्री और फिर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का विधान है। ऐसे में आइए जानते हैं कि कौन सी देवी को कौन सा रंग पसंद है और उन्हें प्रसन्न करने के लिए किस रंग के कपड़े पहनने चाहिए।
नवरात्रि में 9 दिन पहनें अलग-अलग रंग के कपड़े
पहला दिन मां शैलपुत्री
नवरात्रि का पहला दिन मां शैलपुत्री को समर्पित है। इस दिन इनकी विधिवत पूजा अर्चना की जाती है। इन्हें पीला रंग बेहद प्रिय है। ऐसे में इस दिन पीले रंग के कपड़े पहनकर पूजा करना बेहद शुभ होता है।
दूसरा दिन मां ब्रह्मचारिणी
नवरात्रि का दूसरा दिन माता ब्रह्मचारिणी को समर्पित है। इनकी पूजा करने से व्यक्ति के जीवन में विकास, सद्भाव और ऊर्जा आती है। इन्हें हरा रंग बेहद प्रिय है। ऐसे में इस दिन हरे रंग के वस्त्र पहनकर पूजा करना बहुत ही शुभ होता है।
तीसरा दिन मां चंद्रघंटा
नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। इन्हें भूरा या ग्रे रंग अतिप्रिय है। यह रंग बुराई को नष्ट कर जीवन में दृढ़ संकल्प को जगाता है। ऐसे में इस दिन इसी रंग के कपड़े पहनकर मां चंद्रघंटा की पूजा करें।
चौथा दिन मां कुष्मांडा
चौथे दिन मां कुष्मांडा की पूजा की जाती है। उन्हें नारंगी रंग बेहद पसंद है। ऐसे में इस दिन इसी रंग के कपड़े पहनकर उनकी पूजा करें। यह रंग खुशी और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।
पांचवा दिन मां स्कंदमाता
नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा की जाती है। इन्हें सफेद रंग प्रिय है। यह जीवन में शांति, पवित्रता और सकारात्मकता को फैलाता है।
छठा दिन मां कात्यायनी
छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है। इन्होंने महिषासुर नामक राक्षक का वध किया था। मां कात्यायनी को लाल रंग अतिप्रिय है। ऐसे में इस दिन लाल रंग के कपड़े पहनकर पूजा करें।
सातवां दिन मां कालरात्रि
नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। इन्हें नीला रंग बेहद पसंद है। ऐसे में इस दिन नीले रंग के कपड़े पहनकर ही पूजा करनी चाहिए।
आठवां दिन मां महागौरी
नवरात्रि का आठवां दिन बहुत ही खास होता है। यह मां महागौरी को समर्पित किया गया है। इन्हें गुलाबी रंग अतिप्रिय है। ऐसे में इस दिन पूजा में गुलाबी रंग के कपड़े ही पहनकर बैठे।
नौवां दिन मां सिद्धिदात्री
नवरात्रि का नौवां और आखिरी दिन मां सिद्धिदात्री को समर्पित किया गया है और इस दिन इनकी विधिवत पूजा अर्चना करने के साथ ही कन्या पूजन भी किया जाता है। मां सिद्धिदात्री को बैंगनी रंग प्रिय है। ऐसे में इस दिन बैगनी रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Sadhna Mishra
पब्लिश्ड 1 October 2024 at 16:36 IST