'महिला आरक्षण का हक लागू करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ूंगा', वाराणसी में महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी पहुंचकर महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वो महिला आरक्षण का हक लागू करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, जानें और क्या कुछ कहा? पढ़ें पूरी खबर।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोजपुरी में बोलते हुए महिलाओं को संबोधित किया। | Image: ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (28 अप्रैल) को अपने संसदीय क्षेत्र काशी में आयोजित 'जन आक्रोश महिला सम्मेलन' को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार किया। बीएलडब्ल्यू (बनारस लोकोमोटिव वर्क्स) ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में 25 हजार से ज्यादा महिलाओं के बीच पहुंचे पीएम मोदी ने भोजपुरी में कहा कि, 'हम काशी की माई-बहिन के प्रणाम करत हई।'

‘महिलाओं की शक्ति से डरी हैं परिवारवादी पार्टियां’

अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा। उन्होंने कांग्रेस, टीएमसी और सपा पर महिलाओं के साथ 'छल' करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ये परिवारवादी पार्टियां महिलाओं की शक्ति से डरी हुई हैं, इसलिए उन्होंने हमेशा राह में रोड़े अटकाए हैं। लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपको आपका अधिकार और आरक्षण दिलाने में मैं कोई कोर कसर नहीं छोड़ूंगा।’

सभी योजनाओं में बहनों-बेटियों को केंद्र में रखा- PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि, 'हमारी सरकार की नीतियों में निरंतर महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। 2014 में आपने हमें सेवा का अवसर दिया तो देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने। 30 करोड़ से ज्यादा बहनों के बैंक खाते खुले। 2.5 करोड़ से ज्यादा घरों में बिजली का कनेक्शन दिया गया। 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचाया। यानी अनेक बड़ी योजनाओं के केंद्र में बहनों-बेटियों को रखा गया।'

PM मोदी ने दी बड़ी सौगात, नई कनेक्टिविटी

इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने काशी के विकास को गति देते हुए 6,350 करोड़ रुपए की 163 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसमें प्रमुख रूप से सिग्नेचर ब्रिज और कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल शामिल हैं।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने दो नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें वाराणसी-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस है, ये ट्रेन काशी को सीधे महाराष्ट्र से जोड़ेगी। साथ ही अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई गई, जो राम नगरी अयोध्या को आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ने के लिए यह एक बड़ी सौगात है।

प्रधानमंत्री के रूप में यह पीएम मोदी का 54वां काशी दौरा है, जबकि साल 2026 में उनका यह पहला आगमन है। इस दौरान उन्होंने मंच पर राजनीति, चिकित्सा और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी 44 महिलाओं को सम्मानित भी किया।

कल 'गंगा एक्सप्रेस-वे' का उद्घाटन करेंगे PM मोदी

अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन, बुधवार को पीएम मोदी हरदोई जाएंगे। वहां वे 594 किलोमीटर लंबे महत्वाकांक्षी 'गंगा एक्सप्रेस-वे' का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़कर उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगा। 

यह भी पढ़ें: राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम रघुवंशी को मिली कोर्ट से जमानत
 

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 28 April 2026 at 18:33 IST