UAE सरकार ने Ahlan Modi कार्यक्रम के समय में की कटौती, अब महज 35 हजार लोगों की होगी एंट्री
Ahlan Modi कार्यक्रम में PM Modi विशाल जनसमूह को संबोधित करेंगे। इसका समय कम किया गया है, जानें वजह क्या है?
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read
Ahlan Modi Program: भारत के प्रधानमंत्री दो दिनी दौरे पर UAE पहुंचेंगे। अरब देश उन्हें अलहान मोदी कहने को तैयार है। लेकिन इससे पहले कार्यक्रम में छोटा सा बदलाव किया गया है!
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यूएई पहुंचने से पहले ही मौसम ने खूबसूरत सी करवट ली। झमाझम बारिश हुई। जिसके कारण जलभराव की स्थिति पैदा हो गई और यातायात जाम हो गया। नतीजतन वहां की सरकार ने ‘अलहान मोदी’ प्रोग्राम को थोड़ा छोटा कर दिया। अबू धाबी में पीएम पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा दोनों देशों के बीच संबंधों और साझेदारी को और मजबूत बनाने की दृष्टि से भी ये दौरा बेहद अहम है।
हलका सा बदलाव, अब लोग भी पहुंचेंगे कम?
पीएम के कार्यक्रम को लेकर आयोजक मंडल मे शामिल सजीव पुरुषोतमन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अबू धाबी के ‘जायद स्पोर्ट्स सिटी स्टेडियम’ में प्रधानमंत्री मोदी के अब तक के सबसे बड़े प्रवासी कार्यक्रमों में से एक की तैयारी अच्छी चल रही थी, लेकिन खराब मौसम के कारण इसमें लोगों की भागीदारी को 80,000 से घटाकर 35,000 कर दिया गया।
पहले यह बताया गया था कि लोगों को पंजीकृत करने के लिए स्थापित एक वेबसाइट के माध्यम से 60,000 लोगों ने पहले ही अपनी उपस्थिति की पुष्टि कर दी थी। इस कार्यक्रम में केवल भारतीय मूल के व्यक्ति ही शामिल होंगे।
उत्साह में कमी नहीं आई
आयोजकों ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद यहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। 2,500 से अधिक लोगों ने भारी बारिश के बावजूद फुल ग्राउंड रिहर्सल की। उल्लेखनीय प्रदर्शन भारतीय समुदाय की 'नारी शक्ति' को भी रेखांकित करेगा। आयोजन समिति के अनुसार महिलाओं ने बड़ी संख्या में पंजीकरण कराया है। महिला सशक्तिकरण, सांप्रदायिक सद्भाव जैसी भावनाओं को इस कार्यक्रम के जरिए बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन में सहयोग करने वाले वॉलेंटियर्स ने ब्रीफिंग में भी भाग लिया।
कई समझौतों पर नजर
पीएम मोदी के दौरे पर भारत और यूएई बंदरगाह को लेकर अहम समझौता कर सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल संरचना विकसित करने और ऊर्जा संबंधी पहलुओं पर भी दोनों देश विस्तार से बातचीत करेंगे।
8 महीनों में तीसरी यात्रा
बता दें कि पीएम मोदी की दो दिवसीय (13-14 फरवरी) आधिकारिक यूएई यात्रा कई मायनों में खास है। 2015 के बाद से ये यूएई की उनकी सातवीं और पिछले आठ महीनों में तीसरी यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। पीएम मोदी अबू धाबी में हिंदू मंदिर- BAPS मंदिर का उद्घाटन भी करेंगे। UAE में लगभग 3.5 मिलियन लोग प्रवासी भारतीय समुदाय के रहते हैं। सबसे बड़ा समुदाय होने के साथ-साथ भारतीयों का पूरे देश की आबादी में लगभग 35 प्रतिशत हैं। पीएम मोदी के आगमन के बाद अबू धाबी के स्टेडिम में कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में 700 से अधिक सांस्कृतिक कलाकार परफॉर्म करेंगे।
Published By : Kiran Rai
पब्लिश्ड 13 February 2024 at 10:12 IST