PM Modi: 'घटना ने मन को व्यथित कर दिया, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा', दिल्ली बम धमाके पर PM मोदी की दो टूक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली बम धमाके की घटना पर दुख जताते हुए साफ शब्दों में कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है घटना के पीछे के साजिश रचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने दो दिवसीय यात्रा पर भूटान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली बम धमाके की घटना का जिक्र करते हुए साफ-साफ शब्दों में कहा कि घटना के पीछे जिनका भी हाथ होगा दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताते हुए कहा कि आज पूरा देश आपके साथ खड़ा है।
भूटान में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज मैं यहां बहुत भारी मन से आया हूं। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है। मैं पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं। आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
साजिश रचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा-PM मोदी
दिल्ली बम धमाके पर बोलते हुए पीएम मोदी ने साफ-साफ शब्दों मे कह दिया घटना के पीछे जिनका भी हाथ होगा, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा, मैं कल रातभर इस घटना की जांच में जुटी सभी एजेंसियों के साथ, सभी महत्वपूर्ण लोगों के साथ संपर्क में था। विचार-विमर्श चल रहा था, जानकारियों के तार जोड़े जा रहे थे। हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएंगी। इसके पीछे के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
भारत-भूटान रिश्तों पर क्या बोले PM मोदी?
भारत-भूटान के संबंधों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मुझे अपनी पहली विदेश यात्रा पर भूटान आने का अवसर मिला था। मैं आज भी उस यात्रा को याद करता हूं, तो मन भावनाओं से भर जाता है।भारत और भूटान के संबंध इतने सशक्त और समृद्ध हैं कि हम मुश्किलों में भी साथ थे, हमने चुनौतियों का सामना भी मिलकर किया।आज जब हम progress और prosperity की तरफ चल पड़े हैं, तब भी हमारा साथ और मजबूत हो रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "आज यहां एक तरफ वैश्विक शांति प्रार्थना महोत्सव का आयोजन हो रहा है और दूसरी ओर भगवान बुद्ध के पिपरहवा अवशेषों के दर्शन हो रहे हैं। इन सबके साथ हम सब 'द फोर्थ किंग' के 70वें जन्मदिन समारोह के साक्षी बन रहे हैं। ये आयोजन और इतने सारे लोगों की गरिमामय उपस्थिति, इसमें भारत और भूटान के रिश्तों की मजबूती नजर आती है।"
यह भी पढ़ेंं: Delhi Blast CCTV: संकरी गली में भीड़ और धमाके की आवाज... लाल किला विस्फोट के बाद CCTV में कैद खौफनाक मंजर, कैसे मची अफरा-तफरी
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 11 November 2025 at 12:54 IST