अपडेटेड 29 February 2024 at 17:03 IST
मध्य प्रदेश को PM मोदी की बड़ी सौगात, 17,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की रखी आधारशिला
पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश में वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए 17,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुवार 29 फरवरी को मध्य प्रदेश में वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए 17,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और राष्ट्र को समर्पित की।
पीएम मोदी ने कहा कि कल से ही MP में 9 दिन का विक्रमोत्सव शुरू होने वाला है। ये हमारी गौरवशाली विरासत और वर्तमान के विकास का उत्सव है। हमारी सरकार विरासत और विकास को कैसे एक साथ लेकर चलती है, इसका उदाहरण उज्जैन में लगी वैदिक घड़ी भी है। बाबा महाकाल की नगरी कभी पूरी दुनिया के लिए काल गणना का केंद्र थी, लेकिन उस महत्व को भुला दिया गया था। अब हमने विश्व की पहली विक्रमादित्य वैदिक घड़ी फिर से स्थापित की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों को एक साथ लगभग 17 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं मिली हैं। ये परियोजनाएं MP के लोगों का जीवन आसान बनाएंगी, यहां निवेश और नौकरियों के नए अवसर बनाएंगी। इन परियोजनाओं के लिए सभी को बहुत बहुत बधाई।
चारों तरफ एक ही बात, अबकी बार 400 पार- पीएम मोदी
पीएम ने कहा कि आज चारों तरफ एक ही बात सुनाई देती है- अबकी बार 400 पार। पहली बार ऐसा हुआ है जब जनता ने खुद अपनी प्रिय सरकार की वापसी के लिए ऐसा नारा बुलंद कर दिया है। ये नारा भाजपा ने नहीं, बल्कि देश की जनता-जनार्दन का दिया हुआ है। मोदी की गारंटी पर देश का इतना विश्वास भाव-विभोर करने वाला है।
भाजपा सरकार यानी गति भी, प्रगति भी- पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और कांग्रेस सरकार के बीच का क्या अंतर होता है, इसका उदाहरण सिंचाई योजना भी है। 2014 से पहले के 10 वर्षों में देश के करीब 40 लाख हेक्टेयर भूमि को सूक्ष्म सिंचाई के दायरे में लाया गया था, लेकिन बीते 10 वर्षों में इसका दोगुना करीब 90 लाख हेक्टेयर खेती को सूक्ष्म खेती से जोड़ा गया है। ये दिखाता है, भाजपा सरकार यानी गति भी, प्रगति भी। हमारी सरकार गांव को आत्मनिर्भर बनाने पर बहुत बल दे रही है। इसके लिए सहकारिता का विस्तार किया जा रहा है।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 29 February 2024 at 16:45 IST