VIDEO: बंगाल में अचानक एक दुकान पर रुक गए PM मोदी, झालमुरी खरीदकर खाया; फिर दुकानदार से पूछा- इसके 10 रुपये देने हैं ना
PM Modi Jhargram Jhalmuri VIDEO: चुनावी रैलियों के बीच पीएम मोदी ने झारग्राम में सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर झालमुड़ी का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और बच्चों से भी बातचीत की।
PM Modi Jhargram Jhalmuri VIDEO: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियों के बीच रविवार, 19 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक बेहद अनौपचारिक और दिल छू लेने वाला वीडियो सामने आया है। झाड़ग्राम में एक भव्य जनसभा को संबोधित करने के बाद, पीएम मोदी का काफिला अचानक एक सड़क किनारे स्थित झालमुड़ी (Jhalmuri) की दुकान के सामने रुका, जिसने वहां मौजूद लोगों को चौंका दिया।
झालमुड़ी की दुकान पर रोका काफिला
रविवार को पीएम मोदी का पश्चिम बंगाल में बेहद व्यस्त शेड्यूल था, जहां उन्होंने पुरुलिया, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर और बिष्णुपुर में लगातार चार बड़ी रैलियां कीं। झाड़ग्राम में 'विजय संकल्प सभा' को संबोधित करने के बाद जब उनका काफिला हेलीपैड की ओर बढ़ रहा था, तभी उनकी नजर सड़क किनारे बनी एक छोटी सी झालमुड़ी की दुकान पर पड़ी। उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और वहां पहुंचकर बंगाल के इस लोकप्रिय स्ट्रीट फूड का स्वाद चखा।
दुकानदार से कहा- “बढ़िया झालमुड़ी बनाओ”
पीएम मोदी को अपनी दुकान पर देखकर दुकानदार विक्रम साह (जो मूल रूप से बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं) भी हैरान रह गए। दुकानदार के मुताबिक, पीएम ने आते ही मुस्कुराते हुए कहा, "भाई, बढ़िया झालमुड़ी बनाओ।" इसके बाद विक्रम ने चटपटे मसालों, मिर्च और अचार के साथ झालमुड़ी तैयार की। झालमुड़ी चखने के बाद पीएम मोदी ने दुकानदार की तारीफ करते हुए कहा कि यह “बहुत बढ़िया बनी है।”
“प्याज खाता हूं, दिमाग नहीं”
इस मुलाकात के दौरान एक हल्का-फुल्का और मजेदार वाकया भी हुआ। जब दुकानदार ने पीएम मोदी से पूछा कि क्या वह प्याज खाते हैं, तो पीएम ने हाजिरजवाब देते हुए कहा, "हां, प्याज खाता हूं... बस दिमाग नहीं!" उनकी इस बात पर दुकानदार और आसपास मौजूद लोग हंस पड़े।
महिलाओं को बांटी झालमुड़ी
पीएम मोदी ने न केवल झालमुड़ी का आनंद लिया, बल्कि वहां मौजूद स्थानीय लोगों, महिलाओं और बच्चों से भी बातचीत की। उन्होंने खुद झालमुड़ी का 'ठोंगा' (लिफाफा) पकड़ा और आसपास खड़ी महिलाओं को भी इसे बांटते नजर आए। दुकान के आसपास 'जय श्री राम' और 'नरेंद्र मोदी जिंदाबाद' के नारे गूंज रहे थे।
बता दें, पीएम ने जब इस पूरी घटना के कुछ पल अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर साझा किए, तो यह यादगार पल देखते ही देखते वायरल हो गया। पीएम ने इस दौरान अपने पोस्ट में लिखा, “बंगाल में चार रैलियों के बीच, आज झारग्राम में कुछ स्वादिष्ट झालमुड़ी खाई।”
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 19 April 2026 at 19:30 IST