'वाह! सीना चौड़ा हो गया, क्या मेरा वडोदरा है', PM मोदी स्वच्छता से स्वागत करने पर हुए गदगद, Gen-Z की तालियों से गूंजा ग्राउंड

पीएम मोदी ने कहा कि वडोदरा शहर में स्वच्छता से स्वागत अभियान चलाया है, इसके लिए मैं हरेक नागरिक को हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं कल एक वीडियो देख रहा था, सीना चौड़ा हो गया वाह! क्या मेरा वडोदरा है।

PM Modi | Image: x

PM Modi Address NaMo for Viksit Bharat Event: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के वडोदरा (Vadodara) पहुंचे, जहां उन्होंने 'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूरे शहर में स्वच्छता से स्वागत अभियान चलाने पर नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि सीना चौड़ा हो गया। पीएम मोदी के इतना कहते ही पूरा ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, 'इस विकास पर्व पर आप सभी ने जिस सेवा भाव से पूरे वडोदरा शहर में स्वच्छता से स्वागत अभियान चलाया है, इसके लिए मैं वडोदरा के हरेक नागरिक को हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं, उनकी सराहना करता हूं। यह जो आपने रंग दिखाया है, मैं कल एक वीडियो देख रहा था, सीना चौड़ा हो गया वाह! क्या मेरा वडोदरा है।'

सारे आशीर्वाद वडोदरा पर बरसने वाले हैं- PM

उन्होंने आगे कहा, 'अब तो गणेश उत्सव की तैयारी, बाद में नवरात्रि। इस दोनों ही पर्व में सभी का ध्यान केवल वडोदरा पर होता है। मैं देख रहा था पिछले एक सप्ताह से हर परिवार में स्वच्छता का वातावरण बन गया। मुझे लगता है कि इस बार जब गणेश जी पधारेंगे तब सारे आशीर्वाद वडोदरा पर बरसने वाले हैं।'

September 8, 2026

PM मोदी ने सप्तधारा का किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष लाल किले से मैंने विकसित भारत के लिए संकल्प की सप्तधारा का आह्वाहन किया है। इस सप्तधारा में एक धारा गति शक्ति की भी है। विकसित भारत के लिए हमें ऐसी कनेक्टिविटी चाहिए जो सुगम भी हो और जमाने के हिसाब से जरा तेज भी हो। वडोदरा तो गति शक्ति यूनिवर्सिटी का शहर है।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि आज यहां से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं। आज 2800 किलोमीटर से अधिक का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट पूरा हो गया। ये 21वीं सदी के भारत के लिए बहुत ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुआ है। ये डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर इस बात का साक्षी है कि बीते 12 साल में देश की काम करने की संस्कृति कैसे बदली है। इस डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर 2004 में विचार शुरू हुआ था। 2006 में इस काम को करने के लिए एक विशेष कंपनी बनाई गई और फिर 2014 तक फाइलें ही यहां से वहां होती रहीं। फाइलें मेजों पर यात्रा कर रही थीं और दुर्भाग्य देखिए, इन फाइलों को भी कोई डेडिकेटेड कॉरिडोर नसीब नहीं हुआ। 2014 में मुझे वडोदरा और गुजरात के लोगों ने गुजरात से निकालकर दिल्ली भेज दिया। सच्चाई ये थी कि 7-8 वर्ष में 1 किलोमीटर फ्रेट कॉरिडोर पर भी काम नहीं हो पाया था। अगर उनके हिसाब से देश चलाते तो आपके बाद तीन-चार पीढ़ियां आतीं, तब भी ये काम नहीं होता। भारत की लॉजिस्टिक प्रणाली को ट्रांस्फॉर्म करने वाली परियोजना की ये हालत थी। 2014 के बाद इस धरती ने मुझे जो सिखाया था, आपके पास से जो सीख लेकर मैं दिल्ली पहुंचा था। हमने वहां पहुंचते ही इसे गति देने का काम प्रारंभ कर दिया।'

'आज रेल वहां पहुंच रही, जहां दशकों तक नहीं पहुंची'

प्रधानमंत्री ने बताया कि फ्रेट कॉरिडोर के साथ-साथ अब भारत में रेल वहां भी पहुंच रही है जहां इतने दशकों तक नहीं पहुंची थी। गुजरात हो, मध्य प्रदेश हो, महाराष्ट्र हो, यहां जो आदिवासी क्षेत्र हैं, वे भी इस परियोजना के द्वारा रेल से जुड़ रहे हैं। पहले की सरकार में बजट में 1-2 ट्रेनों की घोषणा होती थी और उसके भी साल भर ढोल पीटे जाते थे जबकि आज देश में साल भर एक के बाद एक नई ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आज भी इस कार्यक्रम में कई नई ट्रेनें शुरू हुई हैं।

PM मोदी ने MEMU को दिखाई हरी झंडी 

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम में प्रतापनगर (वडोदरा) और टांडा रोड (धार) के बीच नई मेमू (MEMU) यात्री ट्रेन सेवा और अन्य ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। 

यह भी पढ़ें: 'माफिया बंदूकें लहराते थे, किसी भी जमीन पर हाथ रखकर कब्जा कर लेते थे', लखनऊ से CM योगी ने सपा पर साधा निशाना
 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 8 September 2026 at 13:19 IST