अपडेटेड 8 March 2026 at 15:18 IST
PM Modi ने दिल्ली को दी 33,500 करोड़ की सौगात, इन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास, जानिए कैसे बदलेगी राजधानी की तस्वीर?
प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में मेट्रो और जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) रीडेवलपमेंट प्लान के तहत 15,200 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने महिला दिवस पर देश की नारी शक्ति को बधाई दी। पीएम मोदी ने दिल्ली के विकास को लेकर कई खास बात बताई, पढ़ें क्या कहा?
PM Modi in Delhi: प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में मेट्रो और जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) रीडेवलपमेंट प्लान के तहत 15,200 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने महिला दिवस पर देश की नारी शक्ति को बधाई दी। पीएम मोदी ने दिल्ली के विकास को लेकर कई खास बात बताई, पढ़ें क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली में कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। जिसमें दिल्ली मेट्रो के 2 नए कॉरिडोर का उद्घाटन सबसे खास है। पहला कॉरिडोर मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (Pink Line) है और दूसरा दीपाली चौक-मजलिस पार्क (Magenta Line) कॉरिडोर है।
दिल्ली के इन इलाकों को बड़ा फायदा होगा
इन कॉरिडोर से दिल्ली के कई सारे इलाकों को बड़ा लाभ होगा, जैसे- बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के मुताबिक, ये विस्तार शहर की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगे और यातायात जाम की भारी समस्या भी इससे काफी कम होगी।
पीएम ने देश की नारी शक्ति को बधाई दी
दिल्ली में ये खास उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को संबोधित किया, सबसे पहले उन्होंने महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि, 'आज भारत महिला सशक्तिकरण की नई गाथा लिख रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सफल नेतृत्व में राजधानी का विकास हो रहा है। राजनीति, प्रशासन, विज्ञान, खेल या समाज सेवा के क्षेत्र में भारत की नारी शक्ति हर क्षेत्र में नई ऊर्जा से आगे बढ़ रही है।' पीएम ने देश की नारी शक्ति को बधाई दी और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान को स्वीकार किया।
दिल्ली भारत की पहचान है- PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- 'कुछ देर पहले ही यहां 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ। मेट्रो के विस्तार से लेकर हजारों सरकारी कर्मचारियों के आवासों तक, देश की राजधानी में सुविधाओं का लगातार मजबूत विस्तार हो रहा है, एक नई मजबूती दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- 'दिल्ली केवल भारत की राजधानी नहीं है, ये भारत की पहचान भी है, ये भारत की ऊर्जा का प्रतीक भी है। दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं होता, यह पूरे देश की छवि से जुड़ा होता है।
'AAP-दा वालों का तरीका था, काम कम और बहाने ज्यादा'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- ‘AAP-दा वालों का तरीका था, काम कम और बहाने ज्यादा। आज दिल्ली में विकास का मॉडल है, बहाने बंद, काम शुरू। पहले प्रोजेक्ट फाइलों में दम तोड़ते थे, आज प्रोजेक्ट जमीन पर उतरते हैं’। PM मोदी बोले- 'करीब 10 सालों तक AAP-दा सरकार ने यहां विकास का हर काम ठप रखा था। अब दिल्ली से जुड़ी अलग-अलग चुनौतियों के समाधान के लिए हमारी सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। पेरिफेरल एक्सप्रेसवे बनने से अब लाखों गाड़ियों को शहर में आने की ज़रूरत नहीं पड़ती। हमारी सरकार यमुना जी की साफ-सफाई के लिए भी बड़े पैमाने पर काम कर रही है।'
'AAP-दा' सरकार न होती तो प्रोजेक्ट पहले पूरा हो जाता- PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- 'आज का ये कार्यक्रम इस बात का भी प्रमाण है कि एक वर्ष पहले दिल्ली ने जिस 'AAP-दा' से मुक्ति पाई, वो कितनी जरूरी थी। अगर यहां पर 'AAP-दा' सरकार न होती तो ये मेट्रो फेज 4 प्रोजेक्ट बहुत पहले ही पूरा हो चुका होता लेकिन 'AAP-दा' वालों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिल्ली के लाखों लोगों की सुविधा को ताक पर रख दिया था। यहां भाजपा सरकार बनने के बाद दिल्ली के चौतरफा विकास में तेजी आई है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 8 March 2026 at 15:18 IST