'आज यहां कोई लास्ट ऑवर का दबाव नहीं है, केवल खेल की खुशी है', मेलबर्न ग्राउंड में बोले PM मोदी,'बिग बैश लीग' को लेकर किया बड़ा ऐलान
MCG का दौरा कर पीएम मोदी ने कहा, 'यहां आकर किसी भी भारतीय के मन में दो भावनाएं एक साथ आती हैं। एक भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच का रोमांच और दूसरा ये एहसास कि दोनों देशों में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं बल्कि एक साझा जुनून है।'
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 4 min read
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया दौरा पर हैं। शुक्रवार की सुबह-सुबह वो अपने समकक्ष एंथनी अल्बानीज के साथ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) का दौरा किया। इस दौरान पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे। दोनों देशों ने खेल कूटनीति को और मजबूत करने पर जोर दिया। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड से पीएम मोदी ने 'बिग बैश लीग' को लेकर भी बड़ा ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने MCG का दौरा कर कहा, "जब भी मुझे मेरे मित्र प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से मिलने का अवसर मिला है, क्रिकेट हमारा नेचुरल कनेक्टिंग प्वाइंट रहा है। अहमदाबाद में हम साथ में स्टेडियम गए थे और आज यहां आकर मैं स्पोर्टिंग स्पिरिट महसूस कर रहा हूं। हमारे बीज स्टीव वॉ और लीजा स्थलेकर जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी मौजूद हैं। स्टीव वॉ की मेंटल टफनेस और लीजा स्थलेकर की ऑल राउंड एक्सिलेंस हमें याद दिलाते हैं कि चैंपियन बनने के लिए 'टैलेंट, टेम्परामेंट और टेनेसिटी', तीनों की आवश्यकता होती है।"
आज इस ग्राउंट में लास्ट ऑवर का दबाव नहीं-PM मोदी
PM मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "MCG में आकर किसी भी भारतीय के मन में दो भावनाएं एक साथ आती हैं। एक भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच का रोमांच और दूसरा ये एहसास कि दोनों देशों में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं बल्कि एक साझा जुनून है। लेकिन आज यहां कोई लास्ट ऑवर का दबाव नहीं है। आज यहां केवल खेल की खुशी है। हमारी मित्रता की गर्मजोशी है और भावी चैंपियन्स की ऊर्जा है।"
"हमें अभी कबड्डी, ऑस्ट्रेेलियन फुटबॉल और क्रिकेट की दुनिया से जुड़े इन बच्चों से बातचीत करने का अवसर मिला। उनके जोश को देख कर लगा कि आज यहां बच्चों का एग्जिबिशन मैच नहीं है, भावी चैंपियन्स का ऑडिशन चल रहा है। उनके आत्मविश्वास और ऊर्जा से ये स्पष्ट है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया में खेलों का भविष्य बहुत उज्जवल है।"
PM मोदी ने 'बिग बैश लीग' को लेकर किया बड़ा ऐलान
पीएम मोदी ने MCG से भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग को नई दिशा देते हुए एक ऐतिहासिक ऐलान भी किया। इस साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया की टी-20 लीग बिग बैश लीग (BBL) का उद्घाटन मैच चेन्नई में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब कोई विदेशी क्रिकेट लीग भारत की धरती पर अपना आधिकारिक मैच आयोजित करेगी। यह मैच ‘G’Day Namaste’ कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाले सप्ताह भर के आयोजन का मुख्य आकर्षण होगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की संस्कृति, व्यापार और खेल से जुड़े कई कार्यक्रम शामिल होंगे।
युवा खिलाड़ियों से पीएम मोदी ने की बातचीत
पीएम मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के अंतिम दिन प्रसिद्ध मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पहुंचकर युवा खिलाड़ियों से बातचीत की। उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और ऑस्ट्रेलिया की पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने MCG में ऑस्ट्रेलिया के इंटरनेशनल मैस्कॉट ‘रूबी द रू’ से भी मुलाकात की। इस अवसर पर क्रिकेट के अलावा खिलाड़ियों के विकास, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, जानकारी के आदान-प्रदान और आगामी बड़े वैश्विक आयोजनों पर भी बात हुई।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 10 July 2026 at 09:12 IST