Parliament Monsoon session: NDA की 'मंगल मिलन' बैठक में शामिल हुए PM मोदी, मानसून सत्र के लिए आगे की रणनीति पर हुई चर्चा
मॉनसून सत्र में विपक्ष के हंगामे के बीच आज एक बार फिर एनडीए सांसदों की मंगल मिलन बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम NDA नेता शामिल हुए।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के संसदीय दल की साप्ताहिक मंगल मिलन बैठक मंगलवार को संसद भवन में संपन्न हो गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इस मौके पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सांसद सुनील तटकरे तथा एनडीए के अन्य सांसद भी शामिल हुए। तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए गुट द्वारा नवगठित नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया के सांसद भी इस बैठक में भाग लिया।
NDA की मंगल मिलन बैठक
मॉनसून सत्र में विपक्ष के हंगामे के बीच आज एक बार फिर एनडीए सांसदों की मंगल मिलन बैठक हुई। यह इस सत्र की तीसरी बैठक थी। छात्रों पर पुलिस एक्शन और चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों को लेकर संसद में गतिरोध बना हुआ है। विपक्ष लगातार इन मुद्दों को लेकर सदन के अंदर और बाहर बवाल काट रहा है। बैठक में ऐसे ही तमाम मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
मनोज तिवारी ने बताया बैठक में क्या हुआ फैसला?
बैठक को लेकर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "आज के मंगल मिलन कार्यक्रम में देश में हो रहे कई सारे मंगल कार्यों के बारे में बताया गया है। विपक्ष के लोग तो हंगामा कर रहे हैं, चर्चा नहीं होने दे रहे हैं मगर हमें जो बिल पास करवाना है, वो पास हो रहे हैं। हम सभी लोगों ने आज यह निर्णय लिया है कि यह सोचकर कि हल्ला हो रहा है तो हम कहीं और काम करके आ जाते हैं, ऐसा नहीं करना है। हम सभी को उपस्थित रहना है। हमारी उपस्थिति उस बिल पर हमारे लिए चर्चा है..."
पीएम मोदी ने बैठक को नहीं किया संबोधित
करीब पौना घंटे चली इस बैठक में पीएम मोदी के सामने कामनवैल्थ गेम्स और इंप्लायमेंट को लेकर एक प्रेजेंटेशन दिया गया। केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने ये प्रेजेंटेशन दिया। आज की बैठक में पीएम मोदी का संबोधन नहीं हुआ। बता दें कि 21 जुलाई को पहली मंगल मिलन बैठक आयोजित की गई थी। संसद के प्रत्येक सत्र के दौरान एनडीए संसदीय दल की बैठक हर मंगलवार को आयोजित होती रही है। हालांकि, इस बार इसे मंगल मिलन नाम दिया गया है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 4 August 2026 at 12:27 IST