मॉस्को आतंकी हमले पर PM मोदी ने जताया शोक, बोले- दुख की घड़ी में भारत रूस के साथ है

रूस के मॉस्को में हुए आतंकी हमले पर पीएम मोदी ने दुख जताया और कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत रूस के साथ है।

रूस आतंकी हमले पर पीएम मोदी ने जताया शोक | Image: AP/PTI

रूस के मॉस्को में हुए आतंकी हमले पर पीएम मोदी ने दुख जताया और कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत रूस के साथ है। ISIS की ओर से किए गए इस हमले में मौत का आंकड़ 70 तक पहुंच चुका है। वहीं 140 के करीब लोगों के घायल होने की खबर मिली है। वहीं आतंकी संगठन ISIS ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। 

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, "हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।"

थोड़ी देर में पुतिन हमले को लेकर करेंगे रूस की जनता को संबोधित

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से अबतक इस हमले को लेकर कोई भी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, कहा जा रहा है कि कुछ ही देर में राष्ट्रपति पुतिन हमले को लेकर राष्ट्र को संबोधित कर सकते हैं। हमले के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है। हमले की जो वीडियो सामने आई है, उससे समझा जा सकता है कि किस दहशतगर्दी के साथ ये हमला किया गया।

कार से भागे अटैकर्स

राज्य संचालित आरआईए नोवोस्ती एजेंसी ने बताया कि सशस्त्र व्यक्तियों ने "स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की" और "एक ग्रेनेड या आग लगाने वाला बम फेंका, जिससे आग लग गई।" समाचार एजेंसी ने कहा, "फिर वे कथित तौर पर एक सफेद रेनॉल्ट कार में भाग गए।"

अमेरिका ने मार्च में ही दी थी चेतावनी

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने निजी तौर पर रूसी अधिकारियों को हमले की ओर इशारा करने वाली खुफिया जानकारी से अवगत कराया था। अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त राज्य अमेरिका ने मार्च में इस हमले को लेकर खुफिया जानकारी इकट्ठा की थी कि इस्लामिक स्टेट-खुरासान, जिसे ISIS-K के नाम से जाना जाता है, अफगानिस्तान में स्थित ग्रुप की यूनिट, मास्को पर हमले की योजना बना रही थी। अमेरिकी अधिकारी की ओर से दिए गए बयान में कहा गया, "ISIS के सदस्य रूस में सक्रिय हैं। अमेरिकी आतंकवाद विरोधी अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय तक शांत रहने के बाद, इस्लामिक स्टेट अपने बाहरी हमलों को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।"

इसे भी पढ़ें: US को मॉस्को में हुए आतंकी हमले की पहले से थी खबर, रूसी अधिकारियों को भेजी थी खुफिया जानकारी

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 23 March 2024 at 07:45 IST