PM Modi Address To Nation: आज रात 8.30 बजे पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन, जानिए इसे कहां देख सकते हैं?
PM Modi Address To Nation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद पीएम का यह संबोधन बेहद अहम माना जा रहा है।
PM Modi Address To Nation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे राष्ट्र के नाम संबोधन देने वाले हैं। देश में जब भी प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन का ऐलान होता है, तो स्वाभाविक रूप से अटकलें तेज हो जाती हैं कि क्या कोई बड़ा नीतिगत फैसला या महत्वपूर्ण घोषणा होने वाली है।
यह संबोधन ऐसे समय पर हो रहा है जब संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार का बहुप्रतीक्षित 'महिला आरक्षण विधेयक' लोकसभा में पारित नहीं हो सका। इस घटनाक्रम के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखने के साथ ही विपक्ष की भूमिका पर भी कड़ा रुख अपना सकते हैं।
कहां देखें लाइव प्रसारण?
बता दें, प्रधानमंत्री के इस संबोधन का सीधा प्रसारण आज रात 8:30 बजे से किया जाएगा। लोग इसे दूरदर्शन या रिपब्लिक भारत टीवी चैनल पर देख सकते हैं। वहीं, डिजिटल माध्यमों की बात करें तो प्रधानमंत्री के आधिकारिक यूट्यूब चैनल, PMO India के यूट्यूब चैनल, और BJP के आधिकारिक फेसबुक पेज व एक्स हैंडल पर भी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी। इसके अलावा, आकाशवाणी नेटवर्क के माध्यम से भी रेडियो पर इस संबोधन को सुना जा सकेगा।
संसद में बिल गिरने का असर
दिलचस्प है कि संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पर 21 घंटे की लंबी बहस हुई, लेकिन जब वोटिंग का समय आया तो सरकार को करारा झटका लगा। इस बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि विपक्ष ने 230 वोट डाले। संवैधानिक संशोधन के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत यानी 352 वोटों का आंकड़ा सरकार नहीं छू सकी। बता दें, पिछले 12 वर्षों में यह पहला मौका है जब मोदी सरकार किसी बड़े बिल को सदन में पारित कराने में विफल रही है।
इसके बाद शनिवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के रवैये पर भारी नाराजगी जताई। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने बैठक में स्पष्ट कहा कि विपक्ष ने सरकार को नहीं, बल्कि देश की महिलाओं को हराया है और उन्हें इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
'विपक्ष ने महिलाओं को हराया, अंजाम भुगतेगा’
कैबिनेट की बैठक में पीएम मोदी ने अपने मंत्रियों और नेताओं को निर्देश दिया है कि वे इस मुद्दे को सिर्फ संसद तक सीमित न रखें, बल्कि इसे देश के हर गांव और हर घर तक ले जाएं। सरकार की योजना विपक्ष की इस 'महिला विरोधी' और नकारात्मक सोच को जनता के बीच उजागर करने की है।
प्रधानमंत्री का आज का संबोधन इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जहां वे जनता को यह समझाने की कोशिश करेंगे कि सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कितनी गंभीर थी और किन कारणों से विपक्ष ने इस ऐतिहासिक मौके को बाधित किया।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 18 April 2026 at 17:22 IST