अपडेटेड 4 April 2025 at 02:05 IST
थाईलैंड में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के बाद श्रीलंका के लिए रवाना होंगे PM Modi, चीन-पाकिस्तान और बांग्लादेश की चाल होगी फेल
PM मोदी की थाइलैंड-श्रीलंका यात्रा चीन, बांग्लादेश और पाकिस्तान की कुटिल चाल को फेल करने में मददगार होगी। PM आज श्रीलंका की 3 दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे।
Pm Modi Bangkok Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर थाईलैंड दौरे पर हैं। इसके बाद पीएम मोदी शुक्रवार को श्रीलंका यात्रा पर रवाना होंगे। गुरुवार को गवर्नमेंट हाउस पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैटोंगटारन शिनवात्रा (Paetongtarn Shinawatra) ने की और उनका औपचारिक स्वागत किया। यह दोनों नेताओं की दूसरी मुलाकात थी। इससे पहले, दोनों नेताओं ने अक्टूबर 2024 में वियनतियाने में आसियान से संबंधित शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात की थी। गुरुवार को राजधानी बैंकॉक में पीएम ने थाईलैंड की प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और कई कार्यक्रमों में भाग लिया।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन (BIMSTEC Summit) में शिरकत करेंगे। बिम्सटेक सम्मलेन में थाईलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, म्यांमार और भूटान के नेता शिरकत करेंगे। माना जा रहा है कि पीएम मोदी की थाइलैंड और श्रीलंका की ये यात्रा चीन, बांग्लादेश और पाकिस्तान की कुटिल चाल को फेल करने में मददगार होगी। गुरुवार को भारत और थाईलैंड के बीच कई अहम समझौते हुए हैं। इस दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर भी मौजूद रहे।
'भारत-थाईलैंड के सदियों पुराने संबंध'
बैंकॉक से पीएम मोदी ने दुनिया को भारत की विकासवाद की नीति का संदेश दिया और कहा कि हम विस्तारवाद नहीं, विकासवाद की नीति में विश्वास रखते हैं। पीएम मोदी ने भारत-थाईलैंड संबंधों की रणनीतिक साझेदारी की बात की और बताया कि कैसे भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति में बैंकॉक का खास स्थान है। भारत और थाईलैंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और थाईलैंड के बीच सदियों पुराने संबंध है। दोनों देश गहरी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक डोर से बंधे हैं।
पीएम मोदी के दौरे को लेकर बैंकॉक सरकार ने 18वीं शताब्दी की ‘रामायण’ म्यूरल पेंटिंग्स पर आधारित एक विशेष डाक-टिकट जारी किया। जिसको लेकर पीएम मोदी ने बैंकॉक सरकार का आभार प्रकट किया। बतादें, भारत और थाईलैंड समुद्री पड़ोसी देश हैं, जिनके बीच सांस्कृतिक, भाषाई और धार्मिक संबंधों से जुडे बंधन हैं। जिनमें रामायण और बौद्ध धर्म के संबंध भी शामिल हैं।
PM की 3 दिवसीय श्रीलंका यात्रा
बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के बाद पीएम मोदी शुक्रवार को श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा के लिए रवाना होंगे। जिसमें द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूत बनाने समेते ऊर्जा, व्यापार और संपर्क के क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। शनिवार को पीएम मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका (Anura Kumara Dissanayake) के बीच वार्ता होगी। श्रीलंका पर सैन्य प्रभाव में बढ़ोतरी के चीन की कोशिश पर दोनों नेता एक प्रमुख रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।
बतादें, अगस्त 2022 में हंबनटोटा बंदरगाह पर चीनी मिसाइल और सैटेलाइट ट्रैकिंग जहाज ‘युआन वांग’ के लंगर डालने की घटना ने भारत और श्रीलंका के बीच कूटनीतिक विवाद को जन्म दिया है। इसके बाद अगस्त 2023 में कोलंबो बंदरगाह पर एक और चीनी युद्धपोत ने लंगर डाला था।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 4 April 2025 at 02:05 IST