अपडेटेड 5 April 2025 at 14:06 IST

मछुआरों को रिहाई, तमिल समुदाय के लिए घर, ब्याज दरों में कटौती...पीएम मोदी ने बताया श्रीलंका के साथ किन चीजों पर हुई डील

PM मोदी को श्रीलंका दौरे पर मित्र विभूषण पद से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि ये भारत और श्रीलंका के ऐतिहासिक संबंधों और गहरी मित्रता का सम्मान है।

PM मोदी का श्रीलंका दौरा | Image: x

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड के बाद तीन दिवसीय दौरे पर श्रीलंका पहुंचे हैं। श्रीलंका में पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। मंत्री विजिता हेराथ, नलिंदा जयतिस्सा, अनिल जयंता, रामलिंगम चंद्रशेखर, सरोजा सावित्री पॉलराज और क्रिशांता अबेसेना ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। वहीं पीएम मोदी को श्रीलंका के मित्र विभूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी ने इसके लिए आभार व्यक्त किया।

मित्र विभूषण सम्मान मिलने पर पीएम मोदी ने कहा, "आज राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा श्रीलंका मित्र विभूषण से सम्मानित किया जाना मेरे लिए गौरव की बात है। यह सिर्फ मेरा सम्मान नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक संबंधों और गहरी मित्रता का सम्मान है। इस सम्मान के लिए मैं राष्ट्रपति, श्रीलंका सरकार और यहां के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं।"

बतौर पीएम श्रीलंका में ये मेरी चौथी यात्रा है: PM मोदी

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री के तौर पर यह मेरी श्रीलंका की चौथी यात्रा है, 2019 में मेरी पिछली यात्रा बहुत ही संवेदनशील समय पर हुई थी। उस समय मुझे विश्वास था कि श्रीलंका उभरेगा और और अधिक मजबूत होगा। मैं श्रीलंका के लोगों के धैर्य और साहस की सराहना करता हूं और आज मुझे श्रीलंका को फिर से प्रगति के पथ पर देखकर खुशी हो रही है। यह भारत के लिए गर्व की बात है कि हमने एक सच्चे पड़ोसी और मित्र के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "भारत ने सबका साथ, सबका विकास का विजन अपनाया है। हम अपने सहयोगी देशों की प्राथमिकताओं को भी महत्व देते हैं। पिछले 6 महीनों में ही हमने 100 मिलियन डॉलर से अधिक के ऋणों को अनुदान में बदला है। हमारा द्विपक्षीय ऋण पुनर्गठन समझौता श्रीलंका के लोगों को तत्काल सहायता और राहत प्रदान करेगा। आज हमने ब्याज दर कम करने का फैसला किया है। यह दर्शाता है कि भारत आज भी श्रीलंका के लोगों के साथ खड़ा है।"

मछुआरों की रिहाई को लेकर क्या बोले पीएम मोदी?

श्रीलंका में जेल में बंद मछुआरों को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि  हमने मछुआरों की आजीविका से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। हम सहमत हैं कि हमें इस मामले में एक मानवीय अप्रोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। हमने मछुआरों को तुरंत रिहा किये जाने और उनकी बोट्स को वापस भेजने पर भी बल दिया। भारत और श्रीलंका का संबंध आपसी विश्वास और सद्भावना पर आधारित है।

इसे भी पढ़ें: वक्फ बिल को लेकर बिहार में बवाल, JDU से ताबड़तोड़ इस्तीफे के बाद RJD ने लगाया नया पोस्टर, सीएम नीतीश पर साधा निशाना

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 5 April 2025 at 13:08 IST