'हर हर महादेव', बाबा बर्फानी के भक्तों के नाम PM मोदी का संदेश, अमरनाथ यात्रा शुरू होने पर लिखा पत्र; दिए ये 5 संकल्प
PM Modi ने कहा कि बाबा अमरनाथ के दर्शन की यह यात्रा, भारत की आध्यात्मिक यात्रा परंपरा का एक शाश्वत अध्याय है। अलग-अलग प्रांतों से, अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले और विविध परंपराओं को मानने वाले लोग, महादेव के दर्शन का संकल्प लेकर इस यात्रा को पूरा करते हैं।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 4 min read
PM Modi on Amarnath Yatra: आज (3 जुलाई) से कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रा शुरू हो गई है। श्रद्धालु का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन करेगा, जिसको लेकर खासा उत्साह देखने मिल रहा है। इस बीच, अमरनाथ यात्रा शुरू होने पर पीएम मोदी ने भक्तों को बधाई दी है। उन्होंने एक पत्र भी लिखा, जिसमें अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को पांच संकल्प लेने का भी आग्रह किया।
अमरनाथ यात्रा शुरू होने पर दी बधाई
PM मोदी ने अपने पत्र में लिखा, "जम्मू-कश्मीर में पवित्र अमरनाथ यात्रा में सम्मिलित होना, अपने आप में बहुत बड़ा सौभाग्य होता है। ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन हुई प्रथम पूजा के साथ ही भक्तों के लिए बाबा बर्फानी के दर्शन का क्रम शुरू हो जाता है। देश के कोने-कोने में श्रद्धालु इस पावन यात्रा में सम्मिलित होने के लिए तत्पर रहते हैं। हर वर्ष बाबा बर्फानी के प्रत्यक्ष दर्शन का यह अवसर, लाखों शिवभक्तों के लिए जीवन का एक अत्यंत शुभ और अविस्मरणीय अनुभव होता है। मैं इस वर्ष, यात्रा के इस अवसर पर आप सभी शिवभक्तों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।"
उन्होंने कहा कि बाबा अमरनाथ के दर्शन की यह यात्रा, भारत की आध्यात्मिक यात्रा परंपरा का एक शाश्वत अध्याय है। हर वर्ष पूरे विश्व से सनातन संस्कृति को मानने वाले लाखों श्रद्धालु इस यात्रा में सम्मिलित होने के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंचते हैं। अलग-अलग प्रांतों से, अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले और विविध परंपराओं को मानने वाले लोग, महादेव के दर्शन का संकल्प लेकर इस यात्रा को पूरा करते हैं।
पीएम मोदी ने यात्रा की तैयारियां का जिक्र करते हुए लिखा कि बीते कई दशकों से, श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड और जम्मू-कश्मीर सरकार बहुत कुशलता और सेवा भाव से यात्रा का प्रबंधन करते आ रहे हैं। इसके साथ ही, यात्रा को सुरक्षित संपन्न कराने में हमारे प्रशासन और सुरक्षाबलों की भी बहुत बड़ी भूमिका रहती है। इस वर्ष भी हजारों साथी इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। मैं इस अवसर पर सेना, CRPF, जम्मू-कश्मीर पुलिस, आईटीबीपी, बीएसएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े चिकित्सकों और कर्मियों, प्रशासन के अधिकारियों, सफाई मित्रों और भक्तों की सेवा में जुटे हर साथी का हृदय से अभिनंदन करता हूं।
भक्तों से की 5 संकल्प लेने की अपील
पीएम मोदी ने अमरनाथ यात्रा पर जा रहे सभी श्रद्धालुओं से पांच संकल्पों का आग्रह किया।
- पहला संकल्प- अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता के नियमों का पालन करें और पूरे यात्रा मार्ग में स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें।
- दूसरा संकल्प- प्रशासन के सभी आदेशों, यातायात के नियमों और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करें। यात्रा के दौरान बारिश की वजह से फिसलन और ठंड का विशेष ध्यान रखें।
- तीसरा संकल्प- 'वोकल फॉर लोकल' की भावना से यात्रा के खर्च का कम से कम 10 प्रतिशत उपयोग स्थानीय उत्पादों को खरीदने में करें। इससे जम्मू-कश्मीर के परिवारों और युवाओं की आजीविका को भी बल
- मिलेगा।
- चौथा संकल्प- बाबा अमरनाथ यात्रा के समापन दिवस यानी रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई या बहन को एक पौधा भेंट करें और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को आगे बढ़ाएं।
- पांचवां संकल्प- हम राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ पूरे वर्ष अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें और विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।
पीएम ने कहा कि मुझे विश्वास है कि बाबा अमरनाथ की दर्शन यात्रा, सनातन धर्म की आस्था, भारत की सांस्कृतिक एकता और सेवा की परंपरा का एक भव्य महोत्सव बनकर पूर्ण होगी। मेरी कामना है, बाबा अमरनाथ की असीम कृपा हम सभी पर बनी रहे। आपकी यात्रा सुरक्षित हो, मंगलमय हो और आपके जीवन में नई ऊर्जा, नई चेतना और नई आध्यात्मिक शक्ति का संचार हो। बाबा बर्फानी हम सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक समर्पित बनाएं, ताकि हम मिलकर विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध कर सकें। आप सभी को अमरनाथ यात्रा के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 3 July 2026 at 10:02 IST