लेजर हथियार, जोरावर टैंक और सिंधु... भविष्य के युद्धक्षेत्र के लिए भारत पूरी तरह से तैयार, रक्षा शक्ति का प्रदर्शन देखकर क्या बोले PM मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के हजीरा में एलएंडटी प्लांट का दौरा कर भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमता का दीदार किया। इस प्रदर्शनी में 25 टन के जोरावर लाइट टैंक, अचूक K9 वज्र तोप और आधुनिक तेजस्त्र लेजर हथियारों का प्रदर्शन कर आत्मनिर्भर भारत की ताकत दिखाई गई।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 4 min read
PM Modi Hazira Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के हजीरा स्थित लार्सन एंड टुब्रो (L&T) प्लांट का दौरा किया, जहां उन्होंने भारत की लगातार बढ़ती सैन्य और रक्षा शक्ति का एक भव्य प्रदर्शन देखा। इस खास प्रदर्शनी में पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक से बने टैंक, आधुनिक तोपें, ड्रोन रोधी लेजर हथियार और अत्याधुनिक सैन्य प्रणालियों को पेश किया गया। इस आयोजन ने रक्षा क्षेत्र में 'आत्मनिर्भर भारत' का संकल्प और इसमें निजी क्षेत्र की तेजी से बढ़ती भागीदारी को साफ तौर पर बयां किया।
इस बीच उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘कल सूरत के लोगों के बीच रहना बहुत अच्छा लगा। इस जीवंत शहर से, हमने मिलकर भारत को मज़बूत और आत्मनिर्भर बनाने का अपना संकल्प दोहराया।’
सुर्खियों में रहा 25 टन का 'जोरावर' लाइट टैंक
इस रक्षा प्रदर्शनी में जो प्लेटफॉर्म सबसे ज्यादा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना, वह था भारत का स्वदेशी 'जोरावर' लाइट टैंक। लगभग 25 टन वजन वाले इस हल्के टैंक में 105 मिमी की बेहद शक्तिशाली तोप लगाई गई है। इसे खास तौर पर भारतीय सेना की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि इसे मैदानी इलाकों, तपते रेगिस्तान और लद्दाख जैसे अत्यधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में आसानी से तैनात किया जा सके। इसकी सबसे बड़ी खूबी इसकी मॉड्यूलर बनावट है, जिसकी मदद से भविष्य में आने वाली किसी भी नई सैन्य तकनीक को इसमें बेहद आसानी से अपग्रेड किया जा सकेगा।
लद्दाख की पहाड़ियों में लोहा मनवा चुकी K9 वज्र-टी तोप
भारतीय सेना का अहम हिस्सा बन चुकी K9 वज्र-टी ने भी इस प्रदर्शनी में अपनी ताकत का लोहा मनवाया। 155 मिमी की यह आधुनिक तोप बहुत लंबी दूरी तक बिल्कुल सटीक निशाना लगाने के लिए जानी जाती है। इस तोप की सबसे बड़ी ताकत इसकी 'शूट एंड स्कूट' (गोला दागने के तुरंत बाद जगह बदलने की) क्षमता है, जो युद्ध के मैदान में दुश्मन के जवाबी हमले से इसे पूरी तरह सुरक्षित रखती है।
हवाई खतरों को पलक झपकते नेस्तनाबूद करेगा एयर डिफेंस सिस्टम
एलएंडटी ने इस दौरान ट्राजन 155 मिमी टोव्ड आर्टिलरी गन सिस्टम के साथ-साथ अपग्रेड किए गए उन्नत L-70 गन आधारित क्लोज-इन वेपन सिस्टम को भी दुनिया के सामने रखा। बेहतरीन और आधुनिक फायर कंट्रोल सिस्टम से लैस हो जाने के बाद, अब यह रक्षा प्रणाली दुश्मन के लड़ाकू विमानों, क्रूज मिसाइलों और खास तौर पर घातक ड्रोनों जैसे हवाई हमलों को हवा में ही खत्म करने में पहले से कहीं अधिक सक्षम हो चुकी है।
कठिन रास्तों का बादशाह ऑल-टेरेन वाहन ‘सिंधु’
प्रदर्शनी में 'BvS-10 सिंधु' नाम के एक ऑल-टेरेन वाहन को भी सबके सामने लाया गया। यह एक ऐसा जांबाज वाहन है जो बिना रुके और बिना फंसे बेहद कठिन रास्तों जैसे दलदली इलाकों, रेतीले मैदानों, नदियों के किनारों और पहाड़ों की खड़ी चढ़ाइयों पर भी आसानी से दौड़ सकता है।
स्वदेशी इंजन और खतरनाक 'तेजस्त्र' लेजर हथियार
भारत की अगली पीढ़ी की अचूक रक्षा तकनीकों का नजारा पेश करते हुए 'TEJASTRA' (तेजस्त्र) हाई एनर्जी लेजर सिस्टम का भी प्रदर्शन किया गया। यह लेजर गन आधुनिक दौर के सबसे बड़े खतरे यानी दुश्मन के ड्रोनों और मिसाइलों को पल भर में भस्म करने के लिए तैयार की गई है।
इसके साथ ही, बख्तरबंद गाड़ियों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया 1,500 हॉर्सपावर का पूरी तरह स्वदेशी इंजन और ट्रांसमिशन सिस्टम भी दिखाया गया, जो आने वाले समय में विदेशी इंजनों पर भारत की निर्भरता को पूरी तरह खत्म कर देगा। कार्यक्रम में फ्यूचर इन्फैंट्री कॉम्बैट व्हीकल (FICV) के लिए तैयार किया गया 30 मिमी का मानव रहित टर्रेट (Unmanned Turret) भी पेश किया गया।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 6 June 2026 at 23:32 IST