"बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नहीं बचेंगे...", कड़े कानून के पास होने पर PM मोदी का मिडनाइट मैसेज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो संदेश जारी किया है। PM मोदी ने कहा है कि संसद ने एक ऐसा बिल पास किया है जो हमारी परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाता है।

Parliament Passes Anti-Paper Leak Bill; PM Narendra Modi Reacts | Image: Instagram/narendramodi

सोशल मीडिया पर जारी एक नए वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं और परीक्षार्थियों को संबोधित करते हुए एक बड़े बदलाव की जानकारी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संसद ने हाल ही में एक ऐसा महत्वपूर्ण और बिल पास किया है, जो देश की पूरी परीक्षा प्रणाली को कहीं अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाएगा।

पारदर्शी और विश्वस्त परीक्षा पद्धति की ओर कदम

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि एक विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली तैयार करने के लिए सरकार लगातार ठोस फैसले ले रही है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। त्वरित न्याय के लिए फास्ट ट्रैक सिस्टम तैयार किया जा रहा है। सभी राज्यों के महत्वपूर्ण सुझावों को प्रक्रिया में शामिल किया गया है।

पेपर लीक दशकों पुरानी समस्या पर अंतिम प्रहार

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि पिछले कई दशकों से केंद्र और राज्य सरकारें पेपर लीक की गंभीर समस्या का सामना कर रही हैं। इस माफिया तंत्र के कारण लाखों होनहार बच्चों का भविष्य संकट में पड़ जाता है।

पीएम मोदी ने कहा 'शिक्षा पद्धति में सुधार अब अनिवार्य हो चुका है। इसके लिए टेक्नोलॉजी का भरपूर उपयोग किया जाएगा। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली किसी भी पेपर लीक गैंग या माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।'

संसद में पास हुआ कड़ा कानून

पीएम मोदी ने बताया कि जैसा वादा किया गया था, सरकार इस कानून को संसद में लेकर आई। पिछले दो दिनों में संसद के दोनों सदनों में व्यापक और विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। अधिकांश सांसदों के समर्थन के साथ अब इस सख्त प्रावधानों वाले विधेयक को पारित कर दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कदम एक सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

विकसित भारत के निर्माण का आह्वान

संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आश्वस्त किया कि युवाओं के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ अब लंबे समय तक नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुधार की यह प्रक्रिया यहीं नहीं रुकेगी, बल्कि आगे भी जारी रहेगी। पीएम मोदी ने सभी से 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान किया।

July 30, 2026

ये भी पढ़ें - Coimbatore Blast Case: कोयंबटूर ब्लास्ट केस में बड़ा एक्शन, टेरर फंडिंग को लेकर 3 राज्यों के 16 ठिकानों पर ED की छापेमारी

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 30 July 2026 at 23:07 IST