अपडेटेड 23 January 2024 at 12:11 IST

Parakram Diwas 2024: PM ने दी श्रद्धांजलि, कहा- नेताजी के जीवन और शौर्य के सम्मान का दिवस आज

आज देश पराक्रम दिवस मना रहा है। आजाद हिंद फौज की नींव रखने वाले सुभाष चंद्र बोस की जयंती। PM ने इस अवसर पर उन्हें याद किया है।

पीएम ने किया नेताजी को याद | Image: PTI/ File Photo

PM Remembers Netaji: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पराक्रम दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए उनका अटूट समर्पण आज भी प्रेरित करता है।

सरकार ने साल 2021 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्‍मदिन 23 जनवरी को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

जीवन और शौर्य का सम्मान

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट लिखा। कहा- ‘‘पराक्रम दिवस पर भारत के लोगों को बधाई। आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर हम उनके जीवन और साहस का सम्मान करते हैं। हमारे देश की स्वतंत्रता के लिए उनका अटूट समर्पण आज भी प्रेरित करता है।’’

पराक्रम दिवस पर कार्यक्रम खास

प्रधानमंत्री आज शाम लाल किले में पराक्रम दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर पुरालेखों की प्रदर्शनियां, दुर्लभ तस्वीरें और दस्तावेज प्रदर्शित की जायेंगी जिनसे नेताजी और आजाद हिंद फौज की उल्लेखनीय यात्रा का परिचय मिलेगा। ये समारोह 31 जनवरी तक चलेगा। पराक्रम दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल अण्‍डमान और निकोबार द्वीप समूह के 21 द्वीपों का नामकरण परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर किया था।

दिवस का इतिहास

साल 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के तौर पर मनाने का ऐलान किया था। नेताजी सुभास चंद्र बोस भारत के महान क्रन्तिकारी थे। भारत की आजादी के लिए कई आंदोलनों में भाग लिया और आजाद हिन्द फौज की स्थापना की। नेताजी के देश की आजादी के लिए किए गए अभूतपूर्व योगदान के लिए और उनको नमन करने के लिए हर साल उनकी जयंती को पराक्रम दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इस दिन पश्चिम बंगाल,  झारखंड, त्रिपुरा, असम और ओडिशा में एक आधिकारिक अवकाश रहता है।

ये भी पढ़ें- Ayodhya में Ramlala के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस तैनात

Published By : Ravindra Singh

पब्लिश्ड 23 January 2024 at 12:11 IST