‘हमारा प्रयास रुकेगा नहीं, थमेगा नहीं, हमारे पास आगे और मौके आएंगे’, महिला आरक्षण बिल पास न होने पर राष्ट्र के नाम संबोधन में बोले PM मोदी
PM Modi Address To Nation: लोकसभा में महिला आरक्षण बिल से जुड़ा संशोधन विधेयक गिरने के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित किया। पीएम ने इस दौरान कहा कि मैं देश की नारी शक्ति को विश्वास दिलाता हुआ कि इसके विरोध में आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे।
PM Modi Address to Nation on Women Reservation: महिला आरक्षण बिल (नारीशक्ति वंदन अधिनियम) को संसद के विशेष सत्र में अपेक्षित बहुमत न मिल पाने के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में दृढ़ता दिखाते हुए कहा कि भले ही कल सदन में बिल पारित कराने के लिए जरूरी बहुमत नहीं मिल सका, लेकिन यह सरकार की हार नहीं है।
उन्होंने कहा, "कल हमारे पास संख्या बल नहीं था, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम हार गए हैं। हमारा आत्मबल अजेय है। हमारा प्रयास रुकेगा नहीं, हमारा प्रयास थमेगा नहीं।" पीएम ने आधी आबादी को विश्वास दिलाया कि वे इस रास्ते में आने वाली हर बाधा को हटाकर रहेंगे।
लटकाना, भटकाना कांग्रेस का सिद्धांत
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसे देश में हर सकारात्मक बदलाव को रोकने वाली पार्टी बताया। पीएम ने कहा कि कांग्रेस का हमेशा से यही 'वर्क कल्चर' रहा है- 'लटकाना, भटकाना और अटकाना'।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से रोका है।
'परिवारवादी पार्टियां' महिलाओं के सशक्तिकरण से डरती हैं
प्रधानमंत्री ने एक बड़ा राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष की कई पार्टियां 'परिवारवादी' हैं और वे महिलाओं के आगे बढ़ने से डरती हैं। पीएम ने आरोप लगाया कि यदि महिलाएं सशक्त हो गईं, तो इन परिवारवादी पार्टियों का नेतृत्व खतरे में पड़ जाएगा। ये दल कभी नहीं चाहेंगे कि उनके परिवार के बाहर की सामान्य महिलाएं आगे आएं और नेतृत्व संभालें।
BJP और NDA का संकल्प अक्षुण्ण
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा और एनडीए का संकल्प अक्षुण्ण है। उन्होंने कहा कि उनका हौसला बुलंद है और इरादा अडिग है। संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने देश की 100% नारी शक्ति का आशीर्वाद मिलने की बात कही और कहा कि वे महिलाओं को उनका हक दिलाकर ही रहेंगे। प्रधानमंत्री का यह संबोधन यह संदेश देने के लिए पर्याप्त था कि सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 18 April 2026 at 21:27 IST