Mann Ki Baat: 'अफवाहों से बचें, एकजुट रहें', मिडिल ईस्ट पर PM मोदी ने 'मन की बात' में फिर की देशवासियों से अपील
PM Modi Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने 'मन की बात' में मौजूदा वैश्विक हालात पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि जैसे हमने देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से पुराने संकटों को हराया था, इस बार भी हम सब मिलकर के इस कठिन हालत से बहुत ही अच्छी तरह बाहर निकल जाएंगे।
Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में युद्ध को लेकर एक बार फिर देशवासियों से अफवाहों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें एकजुट होकर इस स्थिति से बाहर निकलना है। पीएम मोदी ने आग्रह किया कि जो लोग इस विषय पर भी राजनीति कर रहे हैं, उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह देश के 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है।
उन्होंने कहा कि इन हालातों में स्वार्थ भरी राजनीति का कोई स्थान नहीं है। जो भी लोग अफवाह फैला रहे हैं, वे देश का बहुत बड़ा नुकसान कर रहे हैं।
PM मोदी ने खाड़ी देशों का जताया आभार
प्रधानमंत्री ने आज (29 मार्च) को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने मौजूदा वैश्विक हालात पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि एक माह से भीषण युद्ध चल रहा है। हमारे लाखों परिवारों के सगे-संबंधी इन देशों में रहते हैं, खासतौर पर खाड़ी देशों में काम करते हैं। मैं खाड़ी देशों का बहुत आभारी हूं, वे ऐसे एक करोड़ से ज्यादा भारतीयों को वहां पर हर प्रकार की मदद दे रहे हैं।
‘भारत डटकर मुकाबला कर रहा है’
उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में अभी युद्ध चल रहा है, वह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा केंद्र है। इसकी वजह से दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थिति बनती जा रही है। हमारे वैश्विक संबंध, अलग-अलग देशों से मिल रहा सहयोग और पिछले एक दशक में देश का जो सामर्थ्य बना है, इनकी वजह से भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है।
देशवासियों से की ये अपील
पीएम मोदी ने इन हालातों में देशवासियों से अपील की कि वो जागरुक रहें, अफवाहों के बहकावे में ना आएं। सरकार की तरफ से जो आपको निरंतर जानकारी दी जा रही है, उस पर भरोसा करें और उसी पर विश्वास करके कोई कदम उठाएं।
उन्होंने कहा कि मुझे हर बार की तरह इस बार भी विश्वास है कि जैसे हमने देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से पुराने संकटों को हराया था, इस बार भी हम सब मिलकर के इस कठिन हालत से बहुत ही अच्छी तरह बाहर निकल जाएंगे।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 29 March 2026 at 12:22 IST