आसमान से समंदर तक भारत सुरक्षित और आत्मनिर्भर, मेड इन इंडिया C-295 विमान ने भरी पहली उड़ान...मन की बात में PM मोदी ने सबकुछ बताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में भारत की रक्षा, आत्मनिर्भरता और योग की उपलब्धियों का उल्लेख किया।

Mann Ki Baat | Image: Republic

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में भारत की रक्षा, आत्मनिर्भरता और योग की उपलब्धियों का उल्लेख किया। पीएम मोदी ने कहा, जून में देश ने कुछ ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जो हर देशवासी को गर्व से भर देती हैं। ये सफलताएं देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी हैं। हाल ही में मुझे कोलकाता में नौ-सेना से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। वहां INS दूनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रय को भारतीय नौ-सेना के बेड़े में शामिल किया गया। इन जहाजों की डिजाइन और इनका निर्माण सब कुछ स्वदेशी है।

पीएम मोदी ने कहा, जून के महीने में ही एविएशन सेक्‍टर में भी देश ने एक बड़ी सफलता पाई। C-295, ये विमान ‘Made In India’ है और C-295 विमान ने अपनी पहली उड़ान पूरी की है, और ऐसे 40 विमान, भारत में ही बनाए जा रहे हैं। इससे MSME और Aerospace sector को नई शक्ति मिल रही है। रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प भी मजबूत हो रहा है।

इसी महीने DRDO ने स्वदेशी ‘Long Range Land Attack Cruise Missile’ का भी सफल परीक्षण किया है। इसको DRDO की Laboratories और Indian Industries Partners ने मिलकर बनाया है, यानि आज समुद्र से लेकर आकाश तक हमारा भारत अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दुनिया भर में हुआ कार्यक्रम

जून में एक और आयोजन हुआ जिसमें पूरी दुनिया भारत के प्रयासों से जुड़ी, और ये कार्यक्रम था ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’। इस बार दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर योग के अनेक विविध कार्यक्रम हुए। हमारे देश में करोड़ों लोगों ने स्थान-स्थान पर योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

इस महीने, अहमदाबाद में आयोजित ‘विश्व योगासन चैम्पियनशिप’ की भी बड़ी चर्चा हुई। इसमें भारत ने कुल 114 पदक जीते हैं, इनमें 102 गोल्ड मेडल भी शामिल हैं। भारत इस चैम्पियनशिप की पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा। मैं सभी विजेता खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

पीएम मोदी ने आगे कहा, किसी भी राष्ट्र की आत्मा उसके लोग होते हैं। और जब उस देश के लोग कोई संकल्प लेते हैं तो कोई भी शक्ति उन्हें अपने लक्ष्य से डिगा नहीं पाती। राष्ट्र निर्माण में जन-भागीदारी की ये ताकत भारत की बहुत बड़ी पूंजी है और इस जन-भागीदारी का हम बार-बार अनुभव कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें- UP: पीलीभीत में देर रात बड़ा एनकाउंटर, 1.75 लाख रुपए के इनामी सरबजीत को पुलिस ने ठोक दिया; चर्चित पप्‍पू गप्‍ता हत्याकांड में था मोस्‍ट वांटेड
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 28 June 2026 at 12:46 IST