Maan Ki Baat: 'नशा मुक्त युवा -विकसित भारत', मन की बात कार्यक्रम में PM मोदी ने की नशा मुक्त भारत अभियान के लिए स्लोगन बनाने की अपील
‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें एपिसोड में पीएम मोदी ने 'नशा मुक्त युवा -विकसित भारत' अभियान पर बात की। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ कंटेंट, गाने और स्लोगन बनाने की अपील की है।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अगस्त के आखिरी रविवार को अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'मैं ‘मन की बात’ की इस नई कड़ी में आप सभी का एक बार फिर स्वागत करता हूं। आप सभी जानते हैं कि यह एक ऐसा मंच है, जहां हम नई पहलों को उजागर करते हैं। हम अपने देशवासियों के नए और अनोखे विचारों पर चर्चा करते हैं। इनमें से कई विचार लोगों की अथक ऊर्जा का परिणाम हैं।' अपने संबोधन में पीएम मोदी ने 'नशा मुक्त युवा -विकसित भारत' अभियान की भी चर्चा की।
देशवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “नशा मुक्त युवा - विकसित भारत अभियान पूरे देश में जोर पकड़ रहा है। इसका लक्ष्य साफ है, नशा-मुक्त युवा तो नशा-मुक्त भारत। बहुत से लोग, खासकर युवा, इसका बड़ा हिस्सा बन गए हैं। यह भारत के युवाओं की सेहत, खुशी और उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारा सामूहिक संकल्प है।”
PM मोदी ने की नशे के खिलाफ स्लोगन बनाने की अपील
पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस अभियान से जुड़ें। उन्होंने नशामुक्ति को लेकर कंटेंट और नए गाने बनाने के साथ-साथ अभियान के लिए स्लोगन तैयार करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कभी-कभी स्लोगन के माध्यम से बात जल्दी पहुंच जाती है। प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को पूरे देश में तेजी से आगे बढ़ने वाला अभियान बताया और युवाओं को इसमें सक्रिय रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
नशे की लत के दुष्परिणाम पूरे समाज को झेलना पड़ता है-PM मोदी
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 'नशे की लत सिर्फ एक व्यक्ति को अपने लपेटे में नहीं लेती, इसके दुष्परिणाम पूरे परिवार और समाज को भी झेलने पड़ते हैं। मैं उन लोगों की सराहना करूंगा जो drugs के खिलाफ दूसरों को जागरूक करते हैं और नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद में आगे आते हैं। नशा मुक्त भारत के लिए क्या आप कोई powerful slogan बना सकते हैं? क्या हमारे young musicians ऐसे songs बना सकते हैं, जिनमें drug free life का message हो?ट
'क्या छात्र और theatre groups दिल को छू लेने वाले short plays लिख सकते हैं जिनमें drugs के खतरों के साथ-साथ उनसे बाहर निकलने का रास्ता भी हो। हमारे देश में बेहतरीन content creaters की कमी नहीं हैं। मेरा आग्रह है कि वे अलग-अलग भाषाओं में ऐसा content बनाएं जिससे इस दिशा में समाज को मदद मिले। आप अपने प्रयासों को Hashtag के साथ social media पर भी जरूर share करें। कई बार creative effort formal campaign से ज्यादा असरदार होते हैं। आइए, भारत के युवा को नशे से दूर रखने, नशे से मुक्त रखने - इस पवित्र कार्य में हम सब अपनी भूमिका निभाएं। आप अपने प्रयास को #नशा मुक्त युवा के साथ social media पर भी जरूर share करें।'
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 30 August 2026 at 12:14 IST