Mann Ki Baat: सोना, पेट्रोल पर दिख रहा अपील का असर, मन की बात में पीएम मोदी ने शेयर किए कई अनुभव, नांदेड के एक परिवार का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल-डीजल बचाने वाली अपील के असर पर चर्चा की।

Mann ki baat | Image: X

पीएम मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल-डीजल बचाने वाली अपील के असर पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा, 'पश्चिम एशिया में बनी युद्ध की स्थितियों को देखते हुए, मैंने देशवासियों से कुछ आग्रह किए थे। मैंने कहा था कि जहां तक संभव हो, कुछ समय के लिए सोना खरीदने से बचें। लोगों से कहा था कि विदेश में छुट्टियां मनाने से बचें। उन्‍होंने कहा कि मैंने लोगों से कार पूलिंग को भी बढ़ावा देने की अपील की थी।'

पीएम मोदी ने कहा कि मैं देश के हर नागरिक का आभारी हूं कि मेरी अपील का उन्होंने ना सिर्फ समर्थन किया बल्कि हर तरफ से उसमें अपना सहयोग कर रहे हैं। मुझे कई परिवारों ने संदेश भेजकर अपने अनुभव साझा किए हैं। कितने ही परिवारों ने तय किया है कि घर के विवाह में इस बार सोना नहीं खरीदेंगे। जरूरत पड़ी तो पुराने सोने को रिसायकल करके नए गहने बना लेंगे। कितने ही लोगों ने सोशल मीडिया पर ये भी लिखा है कि कैसे उन्होंने इस बार विदेश यात्रा को टाल दिया है।

लोगों ने शेयर किए अनुभव

मन की बात में पीएम मोदी ने आगे कहा कि कार पूलिंग को लेकर भी लोगों ने अनेक अनुभव साझा किए हैं। जो लोग हर दिन एक ही दिशा में अपने-अपने वाहनों से जाते थे, वे अब साथ जाने लगे हैं। लोग हर संभव बस और मेट्रो का उपयोग कर रहे हैं। इससे पेट्रोल और डीजल की बचत हो रही है। इसी तरह देश के अलग-अलग हिस्सों में प्राकृतिक खाद की खपत बढ़ने की भी खबरें आ रही हैं।

उन्‍होंने कहा, मुझे इस बात की खुशी है। इस ग्‍लोबल क्राइसिस का हम भारतीय मिलकर मुकाबला कर रहे हैं। मुझे विश्वास है जनभागीदारी की यही शक्ति हमें मजबूती देगी, हमें सफल बनाएगी।

पीएम मोदी ने किया नांदेड़ के पेठकर परिवार का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा, हमारे देश में जन्मदिन, शादी-ब्याह पारिवारिक कार्यक्रम होने के ही साथ ही पूरे समाज का भी उत्सव होता है। हर परिवार चाहता है कि उसकी खुशियां दूसरों के साथ भी साझा हों। लोग मेहमानों को उपहार भी देते हैं। महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक परिवार ने अपनी खुशियां बांटने के लिए ऐसा काम किया है जो चर्चा का विषय बन गया है।

पीएम मोदी ने बताया कि नांदेड़ के बहादुरपुरा गांव में पेठकर परिवार रहता है। इस परिवार ने सोचा कि अगर खुशी बांटनी ही है, तो ऐसी चीज दी जाए, जो मुश्किल समय में किसी परिवार का सहारा बने। अपने घर में विवाह के अवसर पर इस परिवार ने गांव के लगभग साढ़े तीन हजार लोगों के लिए दुर्घटना बीमा की व्यवस्था की। हर व्यक्ति को एक लाख रुपए का बीमा कवर दिया गया। इस पहल के पीछे की भावना बहुत स्पर्श करने वाली है। परिवार ने देखा था कि दुर्घटना के बाद परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में एक छोटी-सी सहायता भी बहुत बड़ा संबल बन जाती है।

20 रुपए सालाना किस्‍त प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना

पीएम मोदी ने कहा, सरकार देश के करोड़ों परिवारों तक सुरक्षा का कवच पहुंचा रही है। ‘प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना’ के तहत केवल 20 रुपये के सालाना प्रीमियम उस पर दो लाख रुपये तक का ‘दुर्घटना बीमा’ मिलता है। अब तक इस योजना से 58 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। इनमें करीब 28 करोड़ हमारी माताएं, बहनें, बेटियां हैं, महिलाएं हैं। इस योजना से पीड़ित परिवारों को अब तक जो हिसाब मिला है 3,700 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिल चुकी है। 

इसे भी पढ़ें- UP: पीलीभीत में देर रात बड़ा एनकाउंटर, 1.75 लाख रुपए के इनामी सरबजीत को पुलिस ने ठोक दिया; चर्चित पप्‍पू गप्‍ता हत्याकांड में था मोस्‍ट वांटेड
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 28 June 2026 at 12:30 IST