अपडेटेड 22 February 2026 at 13:52 IST

Mann Ki Baat: T20 विश्वकप, डिजिटल अरेस्ट से लेकर AI Summit तक...मन की बात में PM मोदी ने किन-किन बातों का किया जिक्र, यहां जानिए

पीएम मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 131 वें एपिसोड में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट की प्रशंसा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें दुनिया ने भारत की अद्भुत क्षमताएं देखी हैं।

'Mann Ki Baat' | Image: X

पीएम मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 131 वें एपिसोड में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट की प्रशंसा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें दुनिया ने भारत की अद्भुत क्षमताएं देखी हैं। उन्होंने कहा कि एआई की शक्ति के उपयोग की दिशा में यह समिट एक टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश ने ऐसी ही उपलब्धि, अभी दिल्ली में हुई Global AI Impact Summit के दौरान देखी। कई देशों के नेता, उद्योग जगत के leaders, Innovators और Start-Up sector से जुड़े लोग, AI Impact Summit के लिये भारत मंडपम में एकत्र हुए। आने वाले समय में AI की शक्ति का उपयोग दुनिया किस प्रकार करेगी, इस दिशा में यह summit एक turning point साबित हुई है।

Summit में मुझे World Leaders और Tech CEOs से मिलने का भी अवसर मिला। AI summit की exhibition में मैंने World Leaders को ढ़ेर सारी चीजें दिखाई। मैं दो बातों का विशेष रूप से उल्लेख करना चाहता हूं। Summit में इन दो products ने दुनिया भर के leaders को बहुत प्रभावित किया। पहला product अमूल के booth पर था। इसमें बताया गया कि कैसे AI जानवरों का इलाज करने में हमारी मदद कर रही है और कैसे 24x7 AI assistance की मदद से किसान अपनी डेयरी और जानवर का हिसाब रखते हैं।

दूसरा product हमारी संस्कृति से संबंधित था। दुनिया भर के leaders ये देखकर हैरत में पड़ गए कि कैसे AI की मदद से हम हमारे प्राचीन ग्रंथों को, हमारे प्राचीन ज्ञान को, हमारी पांडुलिपियों को संरक्षित कर रहे हैं, आज की generation के अनुरूप ढ़ाल रहे हैं।  

दुनिया भर के नेताओं ने दिखाई दिलचस्‍पी

पीएम मोदी ने कहा, Exhibition के दौरान display के लिये सुश्रुत संहिता का चयन किया गया। पहले step में दिखाया गया कि कैसे technology की मदद से हम पांडुलिपियों की image quality सुधारकर उन्हें पढ़ने लायक बना रहे हैं। Second step में इस image को मशीन के पढ़ने लायक text में बदला गया। अगले step में machine-readable text को एक AI अवतार ने पढ़ा। और फिर, अगले step में हमने ये भी दिखाया कि कैसे technology से ये अनमोल भारतीय ज्ञान Indian languages और विदेशी भाषाओं में translate किया जा सकता है। भारत के प्राचीन ज्ञान को आधुनिक अवतार के माध्यम से जानने में World Leaders ने बहुत दिलचस्पी दिखाई।

T20  विश्‍वकप का किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा, मैं अक्सर कहता हूं ‘जो खेले-वो खिले’। खेल हमें जोड़ता भी है। आजकल आप T-20 world cup के मैच देख रहे होंगे। और मुझे पक्का विश्वास है कि मैच देखते हुए कई बार आंखें किसी खास खिलाड़ी पर टिक जाती होंगी। Jersey किसी और देश की होती है लेकिन नाम सुनकर लगता है कि अरे, ये तो अपने देश का है। तब  दिल के किसी कोने में एक हल्की सी खुशी आती है। क्योंकि वो खिलाड़ी भारतीय मूल का होता है और वो उस देश के लिये खेल रहा होता है जहां उसका परिवार बस गया है।

वे अपने-अपने देशों की jersey पहनकर मैदान में उतरते हैं, पूरे मन से उस देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। Canada की टीम में सबसे ज्यादा भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं। टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा का जन्म पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था। नवनीत धालीवाल चंडीगढ़ के हैं। इस list में हर्ष ठाकर, श्रेयस मोवा जैसे कई नाम हैं, जो Canada के साथ-साथ भारत का भी गौरव बढ़ा रहे हैं। America की टीम में कई चेहरे भारत के घरेलू क्रिकेट से निकले हुए हैं। अमेरिकी टीम के कप्तान मोनांक पटेल गुजरात की under-16 और under-18 टीम के लिये भी खेल चुके हैं।

पीएम मोदी ने आगे कहा, मुंबई के सौरभ, हरमीत सिंह, दिल्ली के मिलिंद कुमार, ये सब अमेरिकी टीम की शान हैं। Oman की टीम में आज कई चेहरे हैं जो पहले भारत के अलग-अलग राज्यों में खेल चुके हैं। जतिंदर सिंह, विनायक शुक्ला, करन, जय, आशीष जैसे खिलाड़ी Oman क्रिकेट की मजबूत कड़ी हैं। New Zealand, UAE और Italy की टीमों में भी भारतीय मूल के खिलाड़ी अपनी जगह बना रहे हैं। ऐसे कितने ही भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं जो अपने देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। वहाँ के युवाओं के लिये प्रेरणा बन रहे हैं। भारतीयता की यही तो विशेषता है। भारतीय जहां भी जाते हैं अपनी मातृभूमि की जड़ों से जुड़े रहते हैं। और अपनी कर्मभूमि यानि जिस देश में रहते हैं उसके विकास में भी सहयोग करते हैं।              

Digital Arrest के को लेकर जागरूकता जरूरी

पीएम मोदी ने कहा, ‘मन की बात’ में, मैंने आपसे Digital Arrest पर विस्तार से बात की है। इसके बाद देश में Digital Arrest और Digital Fraud को लेकर हमारे समाज में काफी जागरूकता आई, लेकिन अभी भी हमारे आसपास ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो अक्षम्य हैं। निर्दोष लोगों को Digital Arrest और Financial Fraud का निशाना बनाया जा रहा है। कई बार पता चलता है कि किसी Senior Citizen की जीवनभर की कमाई ठग ली गई। कभी किसी उन पैसों की ठगी हो जाती है, जो उसने बच्चों की फीस जमा करने के लिए बचाए थे। कारोबारियों से धोखाधड़ी की खबरें भी हमें देखने को मिलती हैं। कोई फोन करता है और कहता है – मैं एक बड़ा अधिकारी हूं। आपको कुछ details share करनी होगी। इसके बाद भोले-भाले लोग ऐसा ही कर बैठते हैं। इसीलिए, आपका सतर्क रहना, जागरूक रहना बेहद जरूरी है।

उन्‍होंने कहा, आप सभी KYC – Know Your Customer यानि अपने ग्राहक को जानें, इस process को तो जानते ही होंगे। कभी-कभी, जब आपको आपके बैंक से KYC update या re-KYC करवाने के message आते हैं, तो मन में सवाल उठता है – मैंने तो पहले ही KYC करवा रखी है, तो ये फिर क्यों ? मेरा आपसे आग्रह है, झुंझलाइए नहीं, ये आपके पैसे की सुरक्षा के लिए ही है। हम सभी जानते हैं कि आजकल pension, subsidy, बीमा, UPI सब कुछ बैंक खाते से जुड़ा है। इसी वजह से बैंक समय-समय पर re-KYC करते हैं, ताकि आपका bank account सुरक्षित रहे। हां, इसमें भी आपको एक बात याद रखनी है। जो अपराधी हैं, वो फर्जी call करते हैं, SMS और link भेजते हैं।

इसीलिए हमें सतर्क रहना है और ऐसे धोखेबाजों के झांसे में नहीं आना है। KYC या re-KYC केवल अपने बैंक की शाखा या आधिकारिक App और authorised medium से ही कराएं। OTP, आधार नंबर या बैंक खाते संबंधी जानकारी किसी को भी न दें और सबसे अहम बात, अपने password को समय-समय पर जरूर बदलते रहें। जैसे हर मौसम के साथ खान-पान बदल जाता है, पहनावा भी बदल जाता है, वैसे ही नियम बना लीजिए कि हर कुछ दिन में आपको अपना password भी बदल लेना है।

इसे भी पढ़ें- न्‍यूड VIDEO बनाया, पेशाब पिलाया और सैनिटाइजर छिड़क जलाया गर्लफ्रेंड का प्राइवेट पार्ट...गुरुग्राम के लिवइन पार्टनर ने की हैवानियत हदें पार
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 22 February 2026 at 13:52 IST