अपडेटेड 27 July 2025 at 11:56 IST
Mann ki Baat: शुभांशु शुक्ला की सफलता से PM Modi को याद आया चंद्रयान-3 मिशन, कहा- इससे देश में विज्ञान का माहौल बना
Mann Ki Baat: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 18 दिनों तक ISS में रहने के बाद धरती पर लौटे थे। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में शुभांशु शुक्ला को लेकर बात की।
Mann Ki Baat: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 18 दिनों तक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में रहने के बाद धरती पर लौटे थे। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में शुभांशु शुक्ला को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में बहुत कुछ हुआ है जिस पर हर भारतीय को गर्व है, फिर चाहे वह खेल हो, विज्ञान या संस्कृति।
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष से वापस आने की चर्चा भारत में खूब हुई थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही शुभांशु सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर उतरे तो लोग खुशी से उछल पड़े। हर देशवासी के दिल में खुशी की लहर दौड़ गई। पूरा देश गर्व से भर गया।
पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला पर क्या कहा?
पीएम मोदी ने आगे याद किया कि कैसे जब अगस्त 2023 में चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक उतरा था, तब देश में एक नया माहौल बन गया था। बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति एक नई जिज्ञासा जागने लगी। पीएम मोदी ने कहा कि ‘अब छोटे-छोटे बच्चे भी कहते हैं कि हम भी अंतरिक्ष में जाएंगे; हम भी चांद पर उतरेंगे और हम अंतरिक्ष वैज्ञानिक बनेंगे’।
पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में सवाल किया कि "आपने INSPIRE-MANAK अभियान का नाम तो सुना होगा। यह बच्चों में इनोवेशन को बढ़ावा देने का एक अभियान है। इसमें हर स्कूल से पांच बच्चे चुने जाते हैं और हर बच्चा एक नया विचार लाता है। अब तक लाखों बच्चे इससे जुड़ चुके हैं और चंद्रयान-3 के बाद उनकी संख्या दोगुनी हो चुकी है"।
'देश में अंतरिक्ष स्टार्ट-अप भी तेजी से बढ़ रहे'
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि ‘देश में अंतरिक्ष स्टार्ट-अप भी तेजी से बढ़ रहे हैं। पांच साल पहले 50 से भी कम स्टार्ट-अप थे और आज केवल अंतरिक्ष क्षेत्र में ही 200 से ज्यादा हैं। अगले महीने 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे मनाया जाएगा। आप इसे कैसे मनाने वाले हैं, कोई नया आईडिया आए तो मुझे नमो एप पर जरूर भेजिए’।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 27 July 2025 at 11:56 IST