'4 बड़े राज्यों की 28 सीटों पर बैलेट पेपर पर हुए MLC चुनाव, अनुमान लगाइए कांग्रेस को कितनी सीट आई होगी?', 'वोट चोरी' पर PM मोदी ने ली चुटकी
पीएम मोदी का यह पोस्ट चार बड़े राज्यों की 28 सीटों पर MLC चुनाव के नतीजे आने के बाद आया है। उन्होंने चुटकी लेते हुए अनुमान लगाने को कहा कि कांग्रेस को कितनी सीट आई होगी।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की कुल 28 विधान परिषद (MLC) सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा तंज कसा है। चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने कितनी सीटें जीती हैं, पीएम मोदी ने इसका अंदाजा लगाने को कहते हुए X पोस्ट किया है। उन्होंने यह भी बताया कहा है कि ध्यान रहे ये चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए गए।
पीएम मोदी का यह पोस्ट चार बड़े राज्यों की 28 सीटों पर MLC चुनाव के नतीजे आने के बाद आया है। प्रधानमंत्री की इस चुटकी को विपक्ष के खासकर कांग्रेस पार्टी के उस आरोप से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जिसके तहत बैलेट पेपर की मांग की जा रही है और लगातार वोटों की चोरी के आरोप को लेकर विपक्ष का देश भर भी विरोध प्रदर्शन चल रहा है।
'वोट चोरी' पर PM मोदी ने ली चुटकी
पीएम मोदी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “4 बड़े राज्यों- उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए। चुनाव बैलेट पेपर से हुए। अंदाजा लगाइए कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं? ” पीएम मोदी ने पोस्ट के साथ एक इमोजी का इस्तेमाल करके मुख्य विपक्षी दल के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है।
एक भी सीट जीतने में नाकाम रही कांग्रेस
बता दें कि इन चुनावों में कांग्रेस एक भी सीट जीतने में नाकाम रही। कर्नाटक में सत्ताधारी कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका लगा, जहां भाजपा-जेडी(एस) गठबंधन ने सभी चार सीटें अपने नाम कर लीं। इनमें बेंगलुरु शिक्षक सीट भी शामिल है, जो पहले कांग्रेस के पास थी। चुनाव बैलेट पेपर से हुए और कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है।
विपक्ष की बैलेट पेपर की मांग को झटका
MLC चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस के उस अभियान को बड़ा झटका लगा है, जिसमें पार्टी लगातार बैलेट पेपर की मांग कर रही है और चुनावी प्रक्रिया में धांधली तथा वोट चोरी के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और NDA सरकार पर सवाल उठा रही है। इन नतीजों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी कांग्रेस का प्रदर्शन क्यों इतना कमजोर रहा।
इधर कांग्रेस के आह्वान पर इंडिया गठबंधन 'वोट बचाओ-देश बचाओ' महारैली करने जा रही है। रैली का आयोजन दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होना है। इसी बीच आए MLC चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर विपक्ष को बैकफुट पर ला दिया है और कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 28 October 2026 at 18:13 IST