रुद्राभिषेक, बाइक रैली से लेकर 'आशीर्वाद का दीया' तक... PM मोदी के जन्मदिन पर शहर-शहर कार्यक्रम, जानें आज का प्लान
आज पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी। देशभर में रक्तदान शिविर लगेंगे। शाम को लोग 'आशीर्वाद का दीया' जलाएंगे। उज्जैन में 25 लाख और जम्मू-कश्मीर में 8.9 लाख दीप जलेंगे।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 5 min read
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस वर्ष का जन्मदिन बेहद खास है, क्योंकि यह प्रधानमंत्री मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने का भी ऐतिहासिक अवसर है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि को एक उत्सव का रूप देने के लिए भाजपा ने देशभर में भव्य स्तर पर तैयारियां की हैं। इसके तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का एक अनूठा संगम होगा।
आइए विस्तार से जानते हैं कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन और उनके राजनीतिक सफर के 25 साल पूरे होने पर देशभर में किस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी। इस दिन का मुख्य फोकस समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुंचाना है। भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे। वहीं, युवा मोर्चा (BJYM) द्वारा 14 अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। दिल्ली सरकार द्वारा त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर आयोजित होगा।
इसके अलावा, खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडीय यज्ञ और श्रमिकों के कल्याण के लिए 'नमो श्रमिक सेवा केंद्र' का उद्घाटन किया जाएगा। ‘आशीर्वाद का दीया’ आज शाम 6 से 7 बजे के बीच देशभर के 500 से अधिक प्रमुख स्थानों और घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भी दीप प्रज्वलन होगा। इस अवसर पर 'विकसित भारत 2047' का संकल्प लिया जाएगा और अभियान के समापन की ओर बढ़ते हुए 7 अक्टूबर को सभी जिला मुख्यालयों पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी।
वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा का आयोजन
प्रधानमंत्री की जन्मभूमि गुजरात के वडनगर और उनकी कर्मभूमि लोकसभा सीट उत्तर प्रदेश के वाराणसी को जोड़ने के लिए एक ऐतिहासिक दोतरफा बाइक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। वडनगर से वाराणसी जाने वाली यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, वाराणसी से वडनगर की ओर रवाना होने वाली यात्रा का शुभारंभ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।
दोनों यात्राओं में करीब 1,000 युवा शामिल होंगे। यह यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और लगभग 1,159 गांवों से गुजरते हुए करीब 40,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के उन सुदूर इलाकों से भी गुजरेगी, जो कभी नक्सलवाद से प्रभावित थे। वडनगर से पवित्र जल लेकर युवा काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे, जबकि वाराणसी से गंगाजल वडनगर की शरमिष्ठा झील लाया जाएगा।
वडनगर में शरमिष्ठा झील के किनारे एक भव्य महाआरती होगी, जिसमें अमित शाह के साथ गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल मौजूद रहेंगी।
दीपोत्सव से जगमग होगा देश
उज्जैन में शिप्रा नदी के पावन घाटों और 'महाकाल लोक' क्षेत्र में 25 लाख से अधिक मिट्टी के दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन शिप्रा आरती में हिस्सा लेंगे। साथ ही, इसी दिन इंदौर में केंद्र की स्वामित्व योजना के तहत जमीन के रजिस्ट्रेशन की नई प्रक्रिया भी शुरू होगी। जम्मू-कश्मीर की घाटी और जम्मू के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ता 8.9 लाख दीप जलाकर जश्न मनाएंगे।
मुंबई की 10 प्रमुख जगहों को विशेष लाइट्स से रोशन किया जाएगा। इनमें गेटवे ऑफ इंडिया, आरे कॉलोनी, बाणगंगा, गिरगांव चौपाटी, बांद्रा बैंडस्टैंड और संजय गांधी नेशनल पार्क शामिल हैं। साथ ही, 10,000 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलेगा।
अलग-अलग राज्यों की अनूठी पहल और कार्यक्रम
वाराणसी में बुनकर ने पारंपरिक 'उचंद कला' से सिल्क के धागों का उपयोग कर पीएम मोदी और उनकी माता हीराबेन की बेहद सुंदर तस्वीर बनाई है, जिसे तैयार करने में डेढ़ महीने लगे।
फरीदाबाद में दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटी
सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर द्वारा दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटी वितरित की जाएगी।
बंगाल में अन्नपूर्णा योजना कार्यक्रम
पश्चिम बंगाल के बोईमेला ग्राउंड में लगभग 50,000 'अन्नपूर्णा योजना' लाभार्थियों का एक विशाल कार्यक्रम होगा, जिसे पीएम मोदी वर्चुअली संबोधित कर सकते हैं।
महाराष्ट्र में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का आयोजन
महाराष्ट्र के युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' आयोजित होगा, जिसके विजेताओं को सरकार की ओर से सीड फंडिंग प्रदान की जाएगी।
युवाओं और बच्चों के लिए विशेष आयोजन
प्रधानमंत्री के जीवन और उनके विजन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों का भी सहारा लिया जा रहा है। ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक देश भर के सरकारी और निजी स्कूलों में प्रतियोगिताएं होंगी।
आपको बता दें, ‘नमो सेवा गाथा’ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा। इन नाटकों के जरिए पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा और सरकारी योजनाओं से आए सामाजिक बदलावों की प्रेरक कहानियां जनता के सामने पेश की जाएंगी। इन आयोजनों की खास रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर भी शेयर की जाएंगी ताकि डिजिटल पीढ़ी भी इससे जुड़ सके।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 17 September 2026 at 08:30 IST