अपडेटेड 19 February 2026 at 11:58 IST
AI Impact Summit : 'AI भय नहीं, भविष्य दिखाता है, समिट का भारत में होना पूरे विश्व के लिए गर्व की बात, PM मोदी ने भारत मंडपम से दुनिया को दिया संदेश
AI इम्पैक्ट समिट को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि इस समिट का भारत में होना भारत के साथ ही पूरे ग्लोबल साउथ के लिए गर्व का विषय है। वर्तमान पीढ़ी के साथ ही हमें इस बात की भी चिंता करनी है कि आने वाली पीढ़ियों के हाथों में हम AI का क्या स्वरूप सौंपकर जाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026' का गुरुवार को औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत कई देशों के प्रतिनिधि और दुनिया के कई दिग्गज कंपनियों के CEO भी शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने दुनिया को बदलते समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के महत्व के बारे में बताया। साथ ही AI के लिए MANAV विजन को भी पेश किया।
समिट को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'दुनिया की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक AI इम्पैक्ट समिट में आपका हार्दिक अभिनंदन है। भारत दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी का देश है। सबसे बड़े टेक टैलेंट पूल का केंद्र है। यह सबसे बड़े टेक इनेबल्ड इकोसिस्टम का उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने भारत को AI के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में युवा प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नीतिगत स्पष्टता पर जोर दिया।
भारत AI में भविष्य देखता है-PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इंडिया AI इम्पैक्ट समिट का भारत में होना भारत के साथ ही पूरे ग्लोबल साउथ के लिए गर्व का विषय है। कुछ लोग AI में भय देखते हैं, तो कुछ इसे भाग्य मानते हैं, लेकिन भारत AI में भविष्य देखता है। उन्होंने AI को लोकतांत्रिक बनाने, इसे सभी के लिए सुलभ बनाने और मानव को कच्चा माल न बनने देने की आवश्यकता पर बल दिया।
आने वाली पीढ़ियों के बारे में भी हमें सोचना है-PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मानव इतिहास में हर कुछ शताब्दियों के बाद एक टर्निंग प्वाइंट आता है और वो सभ्यता की दिशा रिसेट करता है और वहीं से विकास की रफ्तार बदलती है। सोचने समझने और काम करने का तरीका बदलता है। वर्तमान पीढ़ी के साथ ही हमें इस बात की भी चिंता करनी है कि आने वाली पीढ़ियों के हाथों में हम AI का क्या स्वरूप सौंपकर जाएंगे।"
PM मोदी ने AI के लिए MANAV विजन प्रस्तुत किया
AI इम्पैक्ट समिट को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा, "आज नई दिल्ली AI समिट में, मैं AI के लिए MANAV विजन प्रस्तुत करता हूं। MANAV का मतलब है इंसान। MANAV में, M का मतलब है नैतिक और एथिकल सिस्टम। A का मतलब है जवाबदेह शासन। N का मतलब है राष्ट्रीय संप्रभुता। A का मतलब है सुलभ और समावेशी। V का मतलब है वैध और जायज।"
21 फरवरी तक चलेगा एआई इम्पैक्ट समिट
नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 'एआई इम्पैक्ट समिट 2026' जिसे AI का महाकुंभ कहा जा रहा है, इसे लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। लाखों से ज्यादा छात्रों और रिसर्चर्स ने समिट के लिए रजिस्ट्रेशन किया है। यह एक्सपो 16 से 21 फरवरी तक चलेगा। अब समिट सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा, पहले यह शाम 6 बजे तक सीमित था। आज आम लोगों की एंट्री बंद है। 20 और 21 फरवरी को यह एक्सपो फिर से आम लोगों के लिए खुला रहेगा।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 19 February 2026 at 11:47 IST