अपडेटेड 30 January 2026 at 20:43 IST

Interesting Facts: महिलाओं की शर्ट में बाएं तरफ क्यों होते हैं बटन? फैशन नहीं बल्कि ये है कारण

Women Fashion: भले ही आज का दौर बदल चुका हो और महिलाएं अपने कपड़े खुद पहनती हों, लेकिन फैशन की कई परंपराएं आज भी चली आ रही हैं। महिलाओं की शर्ट में बाईं तरफ बटन होना भी उन्हीं में से एक है।

शर्ट बटन बाएं तरफ क्यों होता है? | Image: Freepik

Why Women Shirt Button Are On Left Side: हम सभी जानते हैं कि महिलाओं और पुरुषों में कई चीजें अलग-अलग होती हैं, जिनमें उनका पहनावा भी शामिल है। आमतौर पर शर्ट, पैंट और जींस को पुरुषों से जोड़ा जाता है, जबकि साड़ी, सूट और लहंगा महिलाओं की पहचान माने जाते हैं। हालांकि समय के साथ फैशन काफी बदल चुका है और आज यूनिसेक्स फैशन का चलन तेजी से बढ़ रहा है। यानी ऐसे कपड़े जिन्हें पुरुष और महिलाएं दोनों पहन सकते हैं। जींस, शर्ट, टी-शर्ट और यहां तक कि चश्मे भी अब यूनिसेक्स हो चुके हैं।

आज महिलाएं भी शर्ट, पैंट और जींस पहनती हैं, लेकिन क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि महिलाओं की शर्ट में बटन पुरुषों की शर्ट से उलटी साइड में क्यों होते हैं? पुरुषों की शर्ट में बटन दाईं तरफ होते हैं, जबकि महिलाओं की शर्ट में बाईं तरफ। यह कोई फैशन ट्रेंड नहीं है, बल्कि इसके पीछे इतिहास से जुड़ी वजहें छिपी हैं।

क्या आपने यह अंतर कभी नोटिस किया?

अक्सर ऐसा होता है कि हम रोजमर्रा में कई चीजें देखते तो हैं, लेकिन उन पर ध्यान नहीं देते हैं। शर्ट के बटन का यह फर्क भी कुछ ऐसा ही है। बहुत से लोग इसे नोटिस तो करते हैं, लेकिन इसके पीछे की असली वजह नहीं जानते हैं। अगर आप भी उन्हीं में से हैं, तो यहां आपको इसका जवाब मिल जाएगा।

इतिहास से जुड़ा है डिजाइन का कारण

इतिहास की बात करें तो उस समय कपड़ों का डिजाइन जरूरत के हिसाब से किया जाता था। कहा जाता है कि पुराने समय में पुरुष अपनी दाईं ओर तलवार रखते थे। जब उन्हें शर्ट के बटन खोलने या लगाने की जरूरत पड़ती थी, तो वे बाएं हाथ का इस्तेमाल करते थे। इसलिए पुरुषों की शर्ट में बटन दाईं तरफ बनाए गए, ताकि उन्हें खोलना आसान हो।

वहीं दूसरी ओर, महिलाएं अक्सर अपने बच्चे को बाईं तरफ गोद में रखती थीं। बच्चे को संभालते हुए उन्हें शर्ट के बटन खोलने के लिए दाएं हाथ का इस्तेमाल करना पड़ता था। इसी वजह से महिलाओं की शर्ट में बटन बाईं तरफ बनाए गए।

नौकरानियों से जुड़ी एक और वजह

एक और मान्यता यह भी है कि पुराने जमाने में अमीर महिलाओं को कपड़े पहनाने का काम नौकरानियां करती थीं। चूंकि ज्यादातर लोग दाएं हाथ से काम करते हैं, इसलिए सामने खड़ी महिला को कपड़े पहनाने में आसानी हो, इस कारण महिलाओं की शर्ट में बटन बाईं तरफ लगाए जाते थे। धीरे-धीरे यही डिजाइन फैशन का हिस्सा बन गया।

आज भी क्यों कायम है यह परंपरा?

भले ही आज का दौर बदल चुका हो और महिलाएं अपने कपड़े खुद पहनती हों, लेकिन फैशन की कई परंपराएं आज भी चली आ रही हैं। महिलाओं की शर्ट में बाईं तरफ बटन होना भी उन्हीं में से एक है। तो अगली बार जब आप शर्ट पहनें या खरीदें, तो इस छोटे-से डिजाइन के पीछे छिपी बड़ी ऐतिहासिक कहानी जरूर याद कीजिए।

यह जरूर पढ़ें: झुंड से अलग चलता पेंगुइन क्यों हुआ सोशल मीडिया पर वायरल? जानिए सच
 

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 30 January 2026 at 20:43 IST