अपडेटेड 29 October 2025 at 22:10 IST
Artificial Jewellery: क्या है पेपर कास्टिंग ज्वेलरी? सोने-चांदी से ज्यादा बढ़ रही है इसकी मांग, जानें इसे घर पर बनाने का आसान तरीका
How To Make Paper Jewellery: पेपर कास्टिंग ज्वेलरी आज के फैशन ट्रेंड में एक नया और खूबसूरत बदलाव है। यह उन लोगों के लिए बेस्ट ऑप्शन है जो यूनिक, हल्की और स्टाइलिश ज्वेलरी पहनना पसंद करते हैं।
Light Weight Jewellery: आज के समय में जहां सोने-चांदी के गहनों की कीमत आसमान छू रही है, वहीं आर्टिफिशियल ज्वेलरी का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। खासकर पेपर कास्टिंग ज्वेलरी इन दिनों खूब पसंद की जा रही है। यह न सिर्फ स्टाइलिश दिखती है, बल्कि हल्की, सस्ती और एनवायरमेंट-फ्रेंडली भी होती है। अगर आप भी कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं, तो जानिए क्या होती है पेपर कास्टिंग ज्वेलरी और इसे घर पर कैसे बना सकते हैं।
क्या है पेपर कास्टिंग ज्वेलरी?
पेपर कास्टिंग ज्वेलरी एक तरह की हैंडमेड आर्ट ज्वेलरी होती है, जो पेपर पल्प यानी कागज के गूदे से बनाई जाती है। इसमें पुराने अखबार, वेस्ट पेपर या कार्डबोर्ड को भिगोकर गूदा तैयार किया जाता है और फिर उससे सुंदर ज्वेलरी के डिजाइन बनाए जाते हैं।
इसे बाद में पेंट, वार्निश या बीड्स से सजाकर फिनिशिंग दी जाती है। यह ज्वेलरी बहुत लाइटवेट होती है और किसी भी आउटफिट के साथ आसानी से मैच की जा सकती है।
आवश्यक सामग्री:
- पुराने अखबार या वेस्ट पेपर
- पानी
- गोंद
- रंग (ऐक्रेलिक या पेंट)
- वार्निश या नेल पॉलिश
- बीड्स, मिरर या स्टोन्स (सजावट के लिए)
- मोल्ड या मनचाही शेप के सांचे
- थ्रेड
- ईयररिंग हुक
घर पर पेपर कास्टिंग ज्वेलरी बनाने का आसान तरीका:
- पेपर पल्प तैयार करें: सबसे पहले पुराने अखबार को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटें और पानी में 4-5 घंटे के लिए भिगो दें। फिर इन्हें मिक्सर में पीसकर गूदा बना लें।
- गूदा सेट करें: अब इस पल्प में थोड़ा गोंद मिलाएं ताकि वह अच्छी तरह बंध जाए।
- शेप बनाएं: इस तैयार गूदे को मनचाहे मोल्ड जैसे गोल, चौकोर या पत्ती के आकार में डालें। इसे सूखने के लिए धूप में रख दें। सूखने के बाद यह सख्त हो जाएगा।
- डिजाइन और कलरिंग करें: जब ज्वेलरी के बेस तैयार हो जाएं, तो उन पर ऐक्रेलिक कलर से डिजाइन बनाएं। बाद में उस पर वार्निश या ट्रांसपेरेंट नेल पॉलिश लगाएं ताकि ज्वेलरी चमके और टिकाऊ बने।
- फाइनल टच दें: अब इसमें बीड्स या छोटे स्टोन्स चिपकाएं और थ्रेड या हुक लगाकर ईयररिंग, पेंडेंट या ब्रेसलेट तैयार करें।
पेपर कास्टिंग ज्वेलरी के फायदे:
- यह पहनने में हल्की होती है।
- यह ज्वेलरी इको-फ्रेंडली और रीसायकल्ड मैटीरियल से बनी होती है।
- सोने-चांदी के मुकाबले ये सस्ती और क्रिएटिव डिजाइन में काफी ऑप्शन के साथ आपको मार्किट में मिल जाएगी।
- इसे घर पर बनाकर स्मॉल बिजनेस के रूप में भी शुरू किया जा सकता है।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 29 October 2025 at 22:10 IST