Mausam Peel Use: कचरा समझकर न फेंकें मौसंबी के छिलके, घर और स्किन के लिए हैं बड़े काम की चीज

Mausam Peel Use: मौसंबी के छिलके अक्सर कचरा समझकर फेंक दिए जाते हैं, लेकिन असल में ये गुणों का खजाना हैं। सेहत और स्वाद के साथ-साथ मौसंबी के छिलके घर की सफाई और स्किन केयर में भी जादुई असर दिखाते हैं। आइए जानते हैं।

Mausam Peel Use | Image: Social Media

Mausam Peel Use: मौसंबी का जूस सेहत के लिए कितना फायदेमंद है, यह तो हम सभी जानते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जूस निकालने के बाद आप जिन छिलकों को कचरा समझकर फेंक देते हैं, वे असल में गुणों का खजाना हैं? विटामिन-C और एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर मौसंबी के छिलके आपकी त्वचा को निखारने से लेकर घर की साफ-सफाई तक में जादुई असर दिखा सकते हैं।

चमकती त्वचा के लिए मौसंबी के छिलकों का इस्तेमाल 

मौसंबी के छिलकों में प्राकृतिक ब्लीचिंग एजेंट और विटामिन-C होता है, जो त्वचा की रंगत सुधारने में मदद करता है। छिलकों को धूप में सुखाकर पीस लें और पाउडर बना लें। इस पाउडर में थोड़ा गुलाब जल या दही मिलाकर चेहरे पर लगाएं। यह टैनिंग हटाने और कील-मुंहासों को कम करने में बेहद कारगर है।
छिलकों के पाउडर में थोड़ी चीनी और शहद मिलाकर शरीर पर स्क्रब करें। यह डेड स्किन सेल्स को हटाकर त्वचा को कोमल और चमकदार बनाता है।

मौसंबी के छिलकों से बनाएं नेचुरल एयर फ्रेशनर

बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त रूम फ्रेशनर की जगह आप मौसंबी के छिलकों का इस्तेमाल कर सकते हैं।एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें मौसंबी के ताजे छिलके और एक टुकड़ा दालचीनी डाल दें। इसकी भीनी-भीनी खुशबू पूरे घर को महका देगी और नकारात्मक ऊर्जा को दूर करेगी।

मौसंबी के छिलकों से किचन की करें सफाई 

रसोई में मसालों या सिंक की स्मेल अक्सर परेशान करती है। मौसंबी के छिलके इसे आसानी से दूर कर सकते हैं। एक कांच के जार में सिरका लें और उसमें मौसंबी के छिलके डालकर 10-15 दिनों के लिए छोड़ दें। इसके बाद इस पानी को छानकर स्प्रे बोतल में भर लें। यह किचन स्लैब और टाइल्स को चमकाने के लिए एक बेहतरीन 'इको-फ्रेंडली' क्लीनर है।लहसुन या प्याज काटने के बाद हाथों से आने वाली गंध को दूर करने के लिए बस एक ताजे छिलके को हथेलियों पर रगड़ें।

बालों के रामबाण है मौसंबी के छिलके 

अगर आप रूसी से परेशान हैं, तो मौसंबी के छिलके आपकी मदद कर सकते हैं। छिलकों को पानी में उबालकर उस पानी से बाल धोने से स्कैल्प साफ रहती है और बालों में प्राकृतिक चमक आती है।

मौसंबी के छिलकों से बनाएं पौधों के लिए खाद 

अगर आपको गार्डनिंग का शौक है, तो इन छिलकों को छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में मिला दें। यह नाइट्रोजन का अच्छा स्रोत हैं और पौधों के विकास में सहायक होते हैं।

ये भी पढ़ें - LPG Charge Complaint: होटल बिल में LPG चार्ज? तो घबराएं नहीं, बस एक क्लिक में यहां करें शिकायत; देखें स्टेप-बाय-स्टेप गाइड

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 31 March 2026 at 21:14 IST