अपडेटेड 10 March 2026 at 16:04 IST

Urad Dal Vadi: बाहर से खरीदने की जगह घर पर तैयार करें उड़द दाल की वड़ी, साल भर नहीं होगी खराब; बनाना भी है आसान

How To Make Dal Vadi At Home: अगर आप एक बार घर पर उड़द दाल की वड़ी बना लेते हैं, तो बाजार की वड़ी खरीदने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। घर की बनी वड़ी न सिर्फ स्वाद में बेहतर होती है बल्कि सेहत के लिए भी ज्यादा अच्छी मानी जाती है।

उड़द दाल की वड़ी | Image: Freepik/AI

Urad Dal Vadi Banane Ka Tarika: भारतीय रसोई में कई ऐसी चीजें होती हैं जो खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती हैं। उन्हीं में से एक है उड़द दाल की वड़ी। दाल या सब्जी में डाली गई वड़ी स्वाद को और भी लाजवाब बना देती है। आमतौर पर लोग इसे बाजार से खरीदते हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो इसे घर पर भी बहुत आसानी से बना सकते हैं। बता दें कि सही तरीके से बनाई गई वड़ी कई महीनों से लेकर साल भर तक खराब नहीं होती है। अगर आप भी शुद्ध और स्वादिष्ट वड़ी खाना चाहते हैं, तो चलिए जानते हैं घर पर उड़द दाल की वड़ी बनाने की आसान रेसिपी।

उड़द दाल की वड़ी बनाने के लिए सामग्री

  • 2 कप उड़द दाल
  • 1 छोटा चम्मच हींग
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • 1 छोटा चम्मच काली मिर्च (दरदरी)
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

उड़द दाल की वड़ी बनाने की विधि

  • उड़द दाल की वड़ी बनाने के लिए सबसे पहले दाल को अच्छी तरह साफ कर लें और 6-7 घंटे या रात भर पानी में भिगो दें। जब दाल अच्छी तरह फूल जाए, तो उसे पानी से निकालकर मिक्सर में पीस लें। ध्यान रखें कि पेस्ट ज्यादा पतला न हो, इसे थोड़ा गाढ़ा ही रखें।
  • अब इस पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकाल लें और 5-10 मिनट तक अच्छे से फेंटें। इससे वड़ी हल्की और फूली हुई बनती है।
  • इसके बाद इसमें हींग, जीरा, काली मिर्च, नमक और लाल मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  • अब किसी साफ प्लास्टिक शीट, कपड़े या बड़ी थाली पर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में इस मिश्रण को छोटे-छोटे गोले या टिक्की के रूप में डाल दें।

धूप में सुखाने का तरीका

वड़ियों को 3-4 दिनों तक तेज धूप में सुखाएं। बीच-बीच में इन्हें पलटते रहें ताकि ये चारों तरफ से अच्छी तरह सूख जाएं। जब वड़ियां पूरी तरह सख्त हो जाएं, तो समझ लें कि वे तैयार हैं।

कैसे करें इसे उड़द की वड़ी को स्टोर?

सूखने के बाद वड़ियों को ठंडा होने दें और फिर उन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख दें। अगर इन्हें नमी से दूर रखा जाए, तो ये आराम से 1 साल तक खराब नहीं होतीं।

उड़द दाल की वड़ी को खाने का तरीका

उड़द दाल की वड़ी को आप कई तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं जैसे आलू-वड़ी की सब्जी बना सकते हैं। इसके अलावा लौकी या टिंडा की सब्जी में डालकर खाया जा सकता है। दाल में तड़के के साथ वड़ी का स्वाद अच्छा लगता है। बता दें कि हल्का सा तेल में तलकर डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।

अन्य टिप्स

  • वड़ी का पेस्ट ज्यादा पतला न रखें।
  • तेज धूप में ही वड़ियां सुखाएं।
  • नमी से बचाकर रखें, तभी वड़ियां लंबे समय तक चलेंगी।
  •  

यह जरूर पढ़ें: होली के मौके पर घर में बनाएं बनारसी टमाटर चाट, नोट कर लें रेसिपी
 

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 10 March 2026 at 16:04 IST