राजस्थान की ये मशहूर 'मारवाड़ी दही मिर्च' खाकर उंगलियां चाट जाओगे, घर पर 10 मिनट में बनाएं; जानें सीक्रेट रेसिपी

राजस्थान की मशहूर 'मारवाड़ी दही मिर्च' की रेपिसी के बारे में हम आज आपको बताने जा रहे हैं। इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है, जानें स्पेट बाय स्टेप बनाने का आसान तरीका।

मारवाड़ी दही मिर्च | Image: Representative

Rajasthan Famous Food: राजस्थान अपनी वीरता, किलों और रेगिस्तान के साथ-साथ अपने लाजवाब जायके के लिए भी पूरी दुनिया में मशहूर है। यहां के खाने में मसालों और स्वाद का जो संतुलन मिलता है, वह किसी को भी अपना दीवाना बना सकता है। ऐसी ही यहां की पारंपरिक डिश है 'मारवाड़ी दही मिर्च', जिसे लोग काफी पसंद करते हैं।

अक्सर जब घर में कोई खास सब्जी न बनी हो या दाल-चावल का स्वाद थोड़ा फीका लगे, तो यह दही मिर्च थाली की जान बन जाती है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह तीखी होने के साथ-साथ दही की खटास के कारण बेहद चटपटी लगती है।

दही मिर्च बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

  • हरी मिर्च 200 ग्राम (मोटी वाली, जो कम तीखी हो)
  • दही 1 कप (ताजा और अच्छी तरह फेंटा हुआ)
  • तेल 2-3 बड़े चम्मच (सरसों का तेल स्वाद को दोगुना कर देता है)
  • राई, हींग, सौंफ पाउडर (2 चम्मच), हल्दी, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक।

स्टेप-बाय-स्टेप ऐसे बनाएं

सबसे पहले हरी मिर्च को धोकर सुखा लें। अब इनके बीच में चीरा लगाएं या इन्हें छोटे गोल टुकड़ों में काट लें।

एक कड़ाही में तेल गरम करें। इसमें राई, हींग और सौंफ का तड़का लगाएं। राजस्थान में सौंफ का उपयोग खुशबू और पेट की ठंडक के लिए अनिवार्य रूप से किया जाता है।

अब कड़ाही में मिर्च डालें और हल्का नरम होने तक भूनें। इसी समय हल्दी और नमक मिला दें।

जब मिर्च पक जाए, तब इसमें धनिया पाउडर और सौंफ पाउडर डालें। ध्यान रहे कि आंच धीमी हो ताकि मसाले जलें नहीं।

अंत में गैस की आंच धीमी करें और फेंटा हुआ दही डालें। इसे लगातार चलाते रहें जब तक कि दही में उबाल न आ जाए और यह मिर्च के साथ अच्छी तरह लिपट न जाए।

क्यों खास है मारवाड़ी दही मिर्च?

मारवाड़ी दही मिर्च स्वाद में बेमिसाल है, साथ ही स्वास्थ्य के लिहाज से भी इसमें दही और सौंफ का उपयोग इसे सुपाच्य बनाता है। राजस्थान के लोग इसे सफर के दौरान भी साथ ले जाना पसंद करते हैं क्योंकि यह जल्दी खराब नहीं होती। अगर आप अपने रोजाना के खाने में एक राजस्थानी ट्विस्ट देना चाहते हैं, तो 'मारवाड़ी दही मिर्च' एक बेहतरीन विकल्प है। यह न केवल आपके भोजन का स्वाद बढ़ाएगी बल्कि बनाने में भी बेहद आसान है। आज ही इसे अपनी रसोई में ट्राई करें।

यह भी पढ़ें: टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में बंगाल में BJP की बंपर जीत का अनुमान

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 30 April 2026 at 23:09 IST