Rabri Recipe: दूध से घर पर बनाएं मीठी-मीठी रबड़ी, 30 मिनट में हलवाई जैसी गाढ़ी और लच्छेदार बनेगी; जानें सीक्रेट रेसिपी स्टेप-बाय-स्टेप

आज हम आपको रबड़ी की रेसिपी बताने जा रहे हैं। इसे बनाना काफी आसान है, बस आपको स्टेप बाय स्टेप रबड़ी को असली लच्छेदार बनाना होगा, जिसका सीक्रेट आपको इस रेसिपी में पता चलेगा। पढ़ें पूरी खबर।

बिना मेहनत घर पर बनाएं हलवाई जैसी मीठी-मीठी रबड़ी | Image: AI

Rabri Recipe: भारतीय मिठाइयों में रबड़ी ने अपना खास मुकाम हासिल किया हुआ है। इसे दूध को धीरे-धीरे पका बनाया जाता है, यह पारंपरिक मिठाई अपनी मलाईदार बनावट और लच्छेदार स्वाद के लिए जानी जाती है। शाही टुकड़ा, जलेबी, आइसक्रीम या फिर अकेले भी रबड़ी को खाया जाता है। ये हर मौके पर फिट बैठती है।

उत्तर भारत की शादियों और त्योहारों में रबड़ी खुब देखने को मिलती है। बनारस की गलियों से लेकर दिल्ली के बाजारों तक इसकी मांग हमेशा बनी रहती है। लेकिन आज कल बाजार की रबड़ी में अक्सर मिलावट देखने को मिल रही है। ऐसे में आपकी सेहत के लिए अच्छा यही है कि आप इसे घर पर ही बना लें। घर पर बनाई गई रबड़ी न सिर्फ शुद्ध होगी, बल्कि उसका स्वाद भी कहीं ज्यादा बेहतर होगा।

रबड़ी बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए? 

  • 1.5 लीटर फुल क्रीम दूध  
  • 1/4 कप चीनी (स्वाद अनुसार)  
  • आधी चम्मच इलायची पाउडर   
  • 8-10 केसर के धागे (दूध में भिगोकर)  
  • बारीक कटे सूखे मेवे (बादाम, पिस्ता, काजू)  
  • 1 चम्मच गुलाब जल  

रबड़ी बनाने का आसान तरीका

सबसे पहले एक भारी तले वाली चौड़ी कढ़ाई में 1.5 लीटर दूध डालें और तेज आंच पर उबाल लें। उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें। जब दूध के ऊपर मलाई की परत बनने लगे, तो लकड़ी की करछी या चम्मच से उसे कढ़ाई के किनारों पर चिपकाते जाएं। बीच-बीच में तले वाले दूध को हिलाते रहें ताकि जले नहीं, लेकिन ऊपर की मलाई को ज्यादा डिस्टर्ब भी ना करें, उसे साइड में चिपकाते जाए। दूध को तब तक पकाएं जब तक वह अपनी मूल मात्रा का लगभग एक तिहाई (करीब 500 मिली) रह जाए। अब इसमें चीनी, केसर वाला दूध और इलायची पाउडर मिलाएं। चीनी अच्छे से घुलने दें। अब किनारों पर चिपकी सारी मलाई को खुरचकर गाढ़े दूध में डाल दें। यही स्टेप रबड़ी को असली लच्छेदार बनावट देता है। लास्ट में बारीक कटे मेवे डालकर दो मिनट और पकाएं। गैस बंद कर दें। चाहें तो आप इसमें गुलाब जल भी डाल सकते हैं।

खास टिप्स 

रबड़ी को गर्म-गर्म परोसें या फ्रिज में ठंडा करके खाएं। यह शाही टुकड़ा और जलेबी के साथ कमाल का कॉम्बिनेशन बनता है। 
हमेशा फुल क्रीम दूध ही इस्तेमाल करें, इससे रबड़ी ज्यादा मलाईदार बनेगी।  
पूरी प्रक्रिया धीमी आंच पर ही करें, जल्दबाजी से बचें।  
मलाई को बार-बार किनारों पर चिपकाते रहना रबड़ी का सबसे बड़ा राज है।

यह पारंपरिक विधि हलवाई स्टाइल रबड़ी बनाने में मदद करती है। घरेलू रसोई में आसानी से तैयार हो जाने वाली यह रेसिपी त्योहारों और मेहमानों के लिए परफेक्ट है। 

यह भी पढ़ें: CM ममता को अचानक क्या हुआ? कांग्रेस की उड़ाईं धज्जियां

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 4 April 2026 at 19:41 IST